भोपाल. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीबीएसई) ने दसवीं तथा बारहवीं कक्षाओं की मुख्य परीक्षाओं की तारीख घोषित कर दी है। यह परीक्षाएं दो मार्च 09 से आयोजित की जाएंगी।
इस संबंध में सीबीएसई मुख्यालय द्वारा स्कूलों को सूचना दे दी गई है। इसमें कहा गया है कि परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में घोषित कर दिया जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षा दिवस 11 को: केंद्रीय विद्यालय संगठन के स्कूलों में 11 नवंबर को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया जाएगा। इस दिन स्वतंत्रता सेनानी तथा शिक्षाविद मौलाना अबुल कलाम आजाद का जन्मदिन होता है।
गौरतलब है कि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने श्री आजाद को श्रद्घांजलि देने के लिए 11 नवंबर को हर साल यह आयोजन करने का निर्णय लिया है। मंत्रालय द्वारा केंद्रीय विद्यालय संगठन के सभी स्कूलों से कहा गया है कि वे इस दिन अपने यहां विविध आयोजन करें। इसके तहत स्कूलों में सेमिनार, कार्यशाला, निबंध लिखने की प्रतियोगिता, रैली तथा स्लोगन लेखन आदि प्रतियोगिताएं होंगी।