भोपाल. प्रदेश के उन विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त वोटर लिस्ट भी प्रकाशित हो गई हैं, जहां त्रुटियों के चलते 30 सितंबर को प्रकाशन नहीं हो पाया था। सभी 230 विधानसभा सीटों की वोटर लिस्ट प्रकाशित होने के बाद अब कलेक्टरों से कहा गया है कि वे सूचियों में रह गई खामियों का हिसाब रखें और पूरक सूची के प्रकाशन के समय इन्हें दूर कर सूचियों को त्रुटि रहते बनाने का इंतजाम करें।
छह विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट में ज्यादा खामियां पाई गई थीं। इनमें इंदौर संभाग के चार जिलों के अलावा उज्जैन और छिंदवाड़ा जिले भी शामिल थे। जबलपुर केंट, सतना, रतलाम शहर, दतिया, देवास, धरमपुरी और धार समेत 9 विस क्षेत्रों में गंभीर खामियां पाते हुए वहां विशेष जांच दल भेजे गए थे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जेएस माथुर ने दैनिक भास्कर को बताया कि अब सभी 230 विस क्षेत्रों की सूचियां प्रकाशित हो चुकी हैं।
आधा घंटे पहले पहुंचना होगा: चुनाव आयोग ने मतदान के लिए इस बार यह इंतजाम किया है कि पोलिंग एजेंट मतदान शुरू होने के आधा घंटे पहले पोलिंग बूथ पर पहुंचेंगे। मतदान का नकली प्रदर्शन उनके सामने किया जाएगा।
जहां कोई भी पोलिंग एजेंट नहीं होगा, वहां की रिपोर्ट तत्काल चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दी जाएगी। वे ऐसे पोलिंग बूथ पर माइक्रो आब्जर्वर भेजेंगे। उनकी मौजूदगी में मतदान की रिहर्सल होगी। इसके बाद ही मतदान शुरू होगा।
बाहर से कोई नहीं जाएगा मशीन का इस्तेमाल बताने पोलिंग बूथ पर कोई भी ऐसा व्यक्ति इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन का इस्तेमाल समझाने नहीं जा सकेगा, जो उस बूथ पर तैनात मतदान कर्मी नहीं है। इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन का नमूना कार्ड बोर्ड से बनाकर बूथ पर रखा जाएगा। इसके जरिए मतदान अधिकारी मतदान करने के तरीके से अनजान मतदाताओं को बताएंगे कि कैसे वोट डालना है।