इंदौर. सांवेर तहसील के अलवासा गांव स्थित कुष्ठ आश्रम इन दिनों भगवान भरोसे है। यहां रहने वाले व्यवस्थापकों से प्रताड़ित हैं। इनके साथ अकारण मारपीट होती है। पीड़ितों का कहना है आश्रम के कुछ कमरों की बिजली जबरन काट दी गई है और घासलेट भी खरीदने नहीं दिया जाता।
बहरहाल, इसकी शिकायत जिला प्रशासन के पास पहुंच गई है। आश्रम में 18 कमरे हैं जिनमें 18 परिवार रह रहे हैं। आश्रम की व्यवस्था गुलाब रामभाऊ जकते और सखाराम के हाथों में है। लोगों का कहना है ये दोनों रहने वालों को प्रताड़ित कर रहे हैं और आए दिन शराब पीकर हंगामा करते हैं।
इनके साथ आश्रम का कथित संचालक सुधेश यादव भी लोगों से र्दुव्यवहार करता है। आश्रम में आने वाले हर व्यक्ति से 1100 रुपए लिए जाते हैं। संचालक और व्यवस्थापकों ने आश्रम के बाथरूम भी तोड़ दिए हैं।
पांच सौ रुपए लेते हैं
‘भास्कर’ ने जब रामभाऊ व सखाराम से बात की तो उन्होंने कहा जब कोई कुष्ठरोगी आता है तो एक बार पांच सौ रु. व्यवस्थाएं संभालने के लिए लेते हैं। 1100 रु. लेने की बात गलत है। बिजली इसलिए काटी क्योंकि कुछ लोग हीटर जला रहे थे जिससे बिल ज्यादा आ रहा था। मारपीट की बात गलत है।
बाथरूम तोड़ना जरूरी हो गया था क्योंकि जगह कम थी। आश्रम के पास गरीबी रेखा के 10 राशनकार्ड ही हैं इसलिए बाकी के लिए घासलेट कहां से लाएं? राशनकार्ड भी नहीं बनते। (हालांकि व्यवस्थापक होने के बावजूद दोनों के पास संचालक का फोन नंबर नहीं मिला।)
समझाने जाता हूं, नहीं मानते
सरपंच रतनलाल शर्मा का कहना है आश्रम में होने वाले झगड़ों की शिकायतें मिलती हैं। समझाने जाता हूं लेकिन झगड़े बंद नहीं हो रहे। व्यवस्थापकों द्वारा शराब पीकर विवाद और गाली-गलौज की जाती है। छह महीने से झगड़े काफी बढ़ गए हैं।
मारपीट की शिकायतें आई हैं
आश्रम में लोगों के साथ मारपीट की शिकायतें प्रशासन के पास आई हैं। प्रारंभिक रूप से लगता है आश्रम में दो गुट बन गए हैं और वे आपस में लड़ते हैं। मैंने एसडीओ को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है। इसके बाद ही कार्रवाई करेंगे। संचालन कौन कर रहा है, इस बारे में जांच के बाद कहा जा सकेगा।
- रेणु पंत, अपर कलेक्टर