bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

झूठी निकली उड़ाने की धमकी

इंदौर. निपानिया स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में सोमवार सुबह फैली बम की अफवाह से हड़कंप मच गया। स्कूल की वेबसाइट पर इंडियन मुजाहिदीन के नाम से भेजे गए दो ई-मेल में स्कूल को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जो फर्जी निकली। ई-मेल शनिवार शाम भेजे गए थे जिसका पता सोमवार सुबह दफ्तर खुले के बाद चला।

स्कूल की कम्प्यूटर ऑपरेटर जॉर्ज जोसफ ने सुबह 10 बजे स्कूल की वेबसाइट चेक की तो इंडियन मुजाहिदीन के दो ई-मेल मिले। उनमें लिखा था ‘हमने स्कूल में बम रख दिया है, जो 6 अक्टूबर को सुबह 8 से 12 बजे के बीच फूटेगा। अगर तुमने पुलिस को सूचना दी तो हम तुम्हें दख लेंगे। मासूम छात्रों को बचा सको तो बचा लो, हमे पता है तुम अपने छात्रों से प्यार करते हो।’

घबराई श्रीमती जार्ज दौड़ती हुई नाश्ता कर रही डायरेक्टर मीता मजूमदार के पास पहुंची और जानकारी दी। श्रीमती मजूमदार ने पहले तो तत्काल पुलिस को सूचना दी, फिर स्टाफ, परिजन और बच्चों को मैदान में जाने को कहा। तब तक पुलिस का अमला भी पहुंचा और एडीशनल एसपी महेशचंद्र जैन, एसडीएम डॉ. गौतमसिंह, सीएसपी बिट्टू सहगल, थाना प्रभारी संजीव मूले ने जांच शुरू कर दी थी।

बिजासन पर था स्क्वाड
जिला पुलिस का बम डिस्पोजल स्क्वाड ई-मेल खुलने के करीब सवा घंटे बाद पहुंचा क्योंकि वह बिजासन मंदिर पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण एहतियातन खोजबीन कर रहा था। साढ़े ग्यारह बजे के करीब उसने सर्चिग शुरू की। स्क्वाड प्रभारी अवधेशकुमार द्विवेदी व उनकी टीम ने डेढ़ घंटे से भी ज्यादा देर तक पड़ताल की। प्रिसिंपल रूम, क्लास रूम, मेस, प्ले झोन, वेटिंग रूम, गेस्ट रूम, लेबोरेटरी, कारें, दोपहिया वाहन, स्विंिमंग पूल, बरामदा और कूड़ेदान सहित कई स्थानों पर बम डिटेक्टर और स्निफर डॉग से सर्चिग की गई।

शनिवार को आए थे ई-मेल
एडीशनल एसपी महेशचंद जैन ने बताया ई-मेल शनिवार को शाम 5.20 व 5.25 बजे आए थे। दोनों में ज्यादा फर्क नहीं था। एक में धमाके का समय लिखा था, जबकि दूसरे में नहीं था। उस दिन स्कूल शाम पांच बजे ही बंद हो चुका था। रविवार को छुट्टी थी इसलिए सोमवार को सुबह 10 बजे कार्यालय खुला तो याहू डॉट कॉम से आए दोनों ई-मेल का पता चला।

रिजल्ट डे था : सोमवार को बच्चों की तो छुट्टी थी लेकिन परिजन को छमाही परीक्षा के परिणाम देने के लिए बुलाया था। इस कारण परिजन और उनके साथ आए छात्रों का आना-जाना लगा था। जिस समय सूचना ओपन हुई तब कोई पांच सौ लोग स्कूल में मौजूद थे।

तत्काल रवाना किया स्टाफ
बाद में स्टाफ, परिजन और बच्चों को मैदान पर ही नाश्ता कराया और बसों से रवाना कर दिया गया। बम की धमकी से स्टाफ भी दहशत में नजर आया। कई लोगों ने तत्काल घर वालों को जानकारी दी और तुरंत रवाना होने की बात कही।

हो सकती है छात्रों की शरारत
उधर, स्कूल स्टाफ में यह चर्चा भी चल रही थी कि यह किसी छात्र की शरारत भी हो सकती है। दरअसल सोमवार को परीक्षा परिणाम सौंपे जाना थे। फेल होने या बदनामी होने के डर से किसी छात्र ने स्कूल या कहीं और से ई-मेल भेज दिया होगा। पुलिस की साइबर सेल मेल भेजने वाले की जांच कर रही है। डीएसपी क्राइम राजेश व्यास ने बताया जिस कम्प्यूटर से मेल भेजा गया उसके आईपी नंबर से खुलासा हो सकेगा।

भोपाल तक पहुंचा मामला
डीपीएस को बम से उड़ाने की खबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल भी पहुंची। डीआईजी (गुप्त वार्ता) ने बम स्क्वाड प्रभारी को फोन कर पूरी जानकारी ली और अच्छे से जांच करने की हिदायत दी।

यूं पकड़ में आता है आईपी एड्रेस

आईपी पर टिका सारा राज

क्राइम सेल के डीएसपी राजेश व्यास के मुताबिक आईपी नंबर हासिल होते ही स्कूल को बम से उड़ाने की धमकीभरे ई-मेल के राज का खुलासा हो जाएगा। उन्होंने बताया से यह मेल आया था। डॉट कॉम कंपनी का मेन सरवर यूएस में है और वहीं से आईपी का पता चलेगा। हमने कंपनी को मेल कर दिया है और रात तक वहां से जवाब मिलने की उम्मीद है। वैसे इसमें किसी बच्चे की शरारत भी हो सकती है।

मोनो नहीं, हो सकती है शरारत
जो मेल आया है उसमें इंडियन मुजाहिदीन का मोनो नहीं है। इसके चलते यह लग रहा है कि बच्चों की शरारत हो सकती है। डीपीएस प्रबंधन के संजय कात्याल ने बताया इसी वजह से पुलिस का कहना है यह शरारत हो सकती है। क्या यह स्कूल के किसी बच्चें की शरारत है? इस पर उन्होंने कहा यह तो पुलिस जांच के बाद ही पता चलेगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: