जयपुर. जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) परिसर में 1 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत का फूड कोर्ट बनाया जाएगा। जेडीए आयुक्त अशोक जैन ने बताया कि फूड कोर्ट का निर्माण 6 माह में हो जाएगा। इसकी निविदा जारी कर दी गई है। फूड कोर्ट बनने के बाद इसके संचालन के लिए होटल व्यवसायियों को आमंत्रित किया जाएगा।
जैन ने बताया कि शहर के सौंदर्यन के लिए सड़कों, फुटपाथों व नालियों का निर्माण भी कराया जाएगा। गुर्जर की थड़ी स्थित पंचवटी कॉलोनी में सड़कों व फुटपाथों के निर्माण में 60 लाख रुपए, जोन 5 में मुख्य सड़कों पर फुटपाथ बनाने व सौंदर्यन के लिए 108 लाख व सेक्टर 6 में जनपथ व अन्य सड़कों के निर्माण के लिए 140 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जोन 12 ए में वीर हनुमान मंदिर क्षेत्र में विकास कार्य पर 20 लाख तथा राष्ट्रीय राजमार्ग 11 से भोजलावा तक सड़क निर्माण के लिए 50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।