bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

टिकट के लिए मशक्कत, अमर फाइनल

बिलासपुर. बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से एक नाम होने के कारण भाजपा से स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल की दावेदारी पक्की हो गई है।

मुंगेली से सांसद पुन्नूलाल मोहले, बिल्हा से प्रदेश महामंत्री धरमलाल कौशिक तथा मस्तूरी से उच्च शिक्षा मंत्री डा. कृष्णमूर्ति बांधी के क्षेत्र से एक से अधिक नाम होने के बावजूद उनकी सियासी हैसियत के चलते वे टिकट के करीब माने जा रहे हैं। इनका नाम वरीयता क्रम पर सबसे ऊपर है। जिले की शेष सीटों तखतपुर, बेलतरा, लोरमी एवं कोटा के लिए दावेदारों की लंबी फेहरिस्त के चलते टिकट के लिए जोर आजमाइश की नौबत है।

जिला भाजपा कार्यालय में रविवार से पार्टी के संभागीय पर्यवेक्षकों द्वारा जारी पदाधिकारियों व दावेदारों से बातचीत की प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। टिकट का फैसला हालांकि पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर चुनाव समिति एवं पार्टी हाईकमान करेगा, लेकिन बिलासपुर सीट से एकमात्र नाम होने कारण श्री अग्रवाल की टिकट निश्चित हो गई है।

टिकटार्थियों के दावों की थाह लेने भाजपा ने पदाधिकारियों एवं दावेदारों से चर्चा के लिए बिलासपुर संसदीय क्षेत्र की 8 सीटों की खातिर पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश बैस, गौरीशंकर अग्रवाल तथा डा. रमाकांत वाजपेयी को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा था। पर्यवेक्षक संभवत: मंगलवार को वे प्रदेश भाजपा को अपनी रिपोर्ट सौंप देंगे। 11 अक्टूबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह राजधानी, रायपुर पहुंच रहे हैं। अनुमान है कि उनकी उपस्थिति में टिकटार्थियों की सूची पर विचार होगा।

बेलतरा सीट के लिए सीपत के सिटिंग एमएलए एवं डिप्टी स्पीकर बद्रीधर दीवान के अतिरिक्त अनेक कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की। इनमें युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश सिंह, को-आपरेटिव बैंक के अध्यक्ष ज्योतिष कश्यप, द्वारिकेश पांडे, जिपं सदस्य राजेश सूर्यवंशी, सुनील तिवारी, उमेश गौरहा, गायत्री गुप्ता, बलदाऊ गुप्ता, एल्डरमेन मनीष शुक्ला आदि के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं।

राजेश सिंह ने क्षेत्र में सक्रियता तथा युवा मोर्चे की टीम की बदौलत, तो मनीष शुक्ला ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा व पूर्व सांसद स्व. मदनलाल शुक्ला के पार्टी के प्रति अवदानों के मद्देनजर टिकट मांगी है। वे स्वर्गीय शुक्ला के पुत्र हैं।

इसी प्रकार मस्तूरी से सिटिंग एमएलए एवं उच्च शिक्षा मंत्री डा. कृष्णमूर्ति बांधी सहित वरिष्ठ भाजपा नेता शत्रुघन लास्कर, रामदुलारे कोसले व बिल्हा से इस सीट के गत चुनाव में पराजित प्रत्याशी धरमलाल कौशिक व जिला पंचायत के पूर्व सदस्य अजय शर्मा ने दावेदारी की है। मुंगेली, लोरमी, कोटा एवं तखतपुर सीट के लिए पार्टी पदाधिकारियों व प्रत्याशियों की बैठक रविवार को ही हो चुकी है। इन सभी सीटों के लिए काफी संख्या में लोगों की दावेदारियां सामने आई हैं।

अमर की गैरमौजूदगी में बनी सर्वसम्मति
जिला भाजपा कार्यालय में पार्टी पर्यवेक्षकों से मिलने के लिए टिकटार्थियों की सुबह से भीड़ जुटी रही। अपनी दावेदारी जताने के लिए बेताब कार्यकर्ता कार्यालय के लान में बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। पर्यवेक्षकों ने सबसे पहले बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए नगर के चुनिंदा 47 पदाधिकारियों को बुलवाया, परंतु अपेक्षितों में नाम होने के बावजूद अमर अग्रवाल नहीं पहुंचे।

बताया गया कि पार्टी के निर्देश पर बतौर पर्यवेक्षक वे बैठक लेने दुर्ग गए हुए थे। बहरहाल उनकी अनुपस्थिति में जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित महामंत्री राजा पांडे, नगर अध्यक्ष शंकर रजक, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शैलबाला वर्मा, प्रदेश प्रभारी सुधा वर्मा, नगर निगम में सभापति विनोद सोनी, सुरेंद्र गुंबर गुलशन ऋषि, मनीष अग्रवाल, नाजिम अली सहित सभी ने बिलासपुर सीट से श्री अग्रवाल को उम्मीदवार बनाने के लिए सर्वसम्मति जताई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: