News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. राज्य की 90 विधानसभा सीटों के लिए नियुक्त भाजपा पर्यवेक्षकों ने आज चौथे दिन भी अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की बैठक ली और जीतने योग्य प्रत्याशियों के बारे में रायशुमारी की। खबर है, संगठन के निर्देशानुसार दर्जनभर सीटों पर एक-एक नाम पर कार्यकर्ताओं से हाथ उठवाकर मुहर लगवा ली गई है।
पर्यवेक्षकों ने मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह, राजस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पीडब्लूडी मंत्री राजेश मूणत, गृहमंत्री रामविचार नेताम, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे, सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नंदकुमार साय और विधायक संजीव शाह समेत एक दर्जन नेताओं के लिए पैनल नहीं बनाया है। वहीं परिवहन मंत्री हेमचंद यादव, पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री सरोज पांडे को पैनल में रखा गया है। ज्यादातर सीटों पर दो - दो नाम के पैनल बनाए गए हैं। पैनल तैयार करने लिए पर्यवेक्षकों ने बंद कमरे में एक - एक पदाधिकारियों से रायशुमारी की।
गौरतलब है, भाजपा ने सांसद, मंत्रियों और निगम, मंडलों के अध्यक्षों के अलावा संगठन के कुछ पदाधिकारियों को पर्यवेक्षक बनाकर 90 सीटों में भेजा है। उन्हें 3 से 6 अक्टूबर तक अपने प्रभार क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी की स्थिति और जीतने योग्य प्रत्याशियों की सूची तैयार करने का जिम्मा मिला था।
आज अंतिम दिन था इसीलिए कई स्थानों पर रात तक बैठकें होती रहीं। महासमुंद में पर्यवेक्षकों खूबचंद पारख, लता उसेंडी ने करीब तीन घंटे तक कार्यकर्ताओं को सुना। राजनांदगांव जिले के कई विधानसभा क्षेत्रों में भी गहमा - गहमी रही। पीडब्लूडी मंत्री राजेश मूणत रविवार को ही रायगढ़ की बैठक लेकर लौट आए। रायपुर की चार विधानसभा सीटों के पर्यवेक्षक अशोक शर्मा, हेमचंद यादव, दयाराम साहू और गुहाराम अजगले ने शुक्रवार और शनिवार को बैठकें लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
सूत्रों के मुताबिक संगठन ने पर्यवेक्षकों को आगाह कर दिया था कि किन - किन सीटों पर एक नाम पर सहमति बनानी है। ऐसे स्थानों पर पर्यवेक्षकों ने खुली बैठक लेकर चर्चा की और फिर संगठन की इच्छानुसार एक नाम पर सहमति बनाने कार्यकर्ताओं से हाथ उठाने कह दिया। रायपुर की दो सीटों में भी ऐसा ही हुआ जिसकी वजह से कुछ दावेदार नाराज बताए जा रहे हैं। संगठन ने 10 अक्टूबर तक पर्यवेक्षकों से रिपोर्ट मांगी है, लेकिन एकात्म परिसर में आज संगठन महामंत्री रामप्रताप को कई पर्यवेक्षकों ने रिपोर्ट सौंप दी।