अमृतसर. क्रिकेटर हरभजन सिंह और टीवी कलाकार मोना सिंह का रावण और सीता के वेश में एक गीत पर डांस करने का मामला गरमा गया है।
एक चैनल पर प्रसारित कार्यक्रम में पेश नृत्य पर सिख ही नहीं, हिंदू संगठनों ने भी आपत्ति जताई है। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने कहा कि माथे पर तिलक लगाकर ऐसा डांस करना एक सिख को शोभा नहीं देता।
भज्जी सिख घराने से संबंध रखते हैं। भज्जी के खिलाफ अकाल तख्त को लिखित शिकायत नहीं मिली है, पर नैतिकता के आधार पर उसे सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।
सिख परिवार से तालुल्क रखने वाली मोना सिंह को भी अकाल तख्त से माफी मांगनी चाहिए। जत्थेदार ने कहा कि निकट भविष्य में भज्जी को ऐसा व्यवहार करने से बाज आना चाहिए। बेशक वह लोकप्रिय हैं, लेकिन धर्म अपनी जगह है।
पंजाब वेल्फेयर ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान वरिंदर सहदेव ने भी भज्जी और मोना से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। अगर दो दिन में दोनों ने माफी नहीं मांगी तो क ानूनी कार्रवाई की जाएगी।