जयपुर. राजस्थान सहकारी बैंक कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि राज्य सरकार 13वां वेतन वृद्धि द्विपक्षीय समझौता लागू नहीं करती है तो राज्यभर के सहकारी बैंकों के हजारों बैंककर्मी 15 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। हड़ताल में राज्य सहकारी बैंक, 29 केंद्रीय सहकारी बैंक एवं राजस्थान राज्य सहकारी भूमि विकास बैंकों के कर्मचारी एवं अधिकारी भाग लेंगे।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष जुगलकिशोर पारीक ने मंगलवार को बताया कि हड़ताल से पूर्व बैंककर्मी बैंक के प्रबंध निदेशकों को ज्ञापन देंगे व 7 से 14 अक्टूबर तक भोजनावकाश में प्रदर्शन करेंगे। इस बीच मुख्यमंत्री सहित सहकारिता मंत्री, सचिव व रजिस्ट्रार को भी ज्ञापन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार से अधिकारियों एवं कर्मचारियों का समझौता पिछले पांच साल से लंबित है। हालांकि रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, राजस्थान ने 13वें वेतन समझौते के लिए 1 अक्टूबर 2008 को एक प्रारूप जारी किया है, किंतु उसमें भी कटौती का प्रावधान रख दिया जो कि अनुचित है।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री के साथ राजस्थान सहकारी बैंक कर्कचारी संघ एवं अखिल राजस्थान सहकारी बैंक अधिकारी एसोसिएशन की वार्ता में वेतन वृद्धि12.60 प्रतिशत करने पर सहमति हुई थी किंतु अफसरों ने इसे घटाकर केवल 1 से 4 फीसदी ही कर दिया है। इस तरह अफसरों ने मुख्यमंत्री एवं सहकारिता मंत्री को अंधेरे में रखा है। गौरतलब है कि सहकारी बैंककर्मी वेतन बढ़ोतरी सहित एरियर, अवकाश लाभ एवं यात्रा भत्ते की मांग कर रहे हैं।