bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

रावण वध के बहाने चलेंगे चुनावी तीर

रायपुर. चुनाव करीब है इसीलिए दशहरा उत्सव पर राजनीतिक रंग का चढ़ना लाजिमी है। भाजपा के साथ - साथ कांग्रेस के नेताओं ने भी रावण मारने में दिलचस्पी दिखाई है।

अकेले रायपुर शहर में ही आधा दर्जन स्थानों पर रावण वध के बड़े आयोजन होते हैं। जहां हजारों - लाखों की भीड़ जुटती है। इनमें डब्लूआरएस कालोनी का दशहरा उत्सव प्रमुख है। यहां राज्यपाल, मुख्यमंत्री और रमन सरकार के दो दिग्गज मंत्री बृजमोहन अग्रवाल व राजेश मूणत समेत सत्ता व संगठन के तमाम प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे। अबकी बार यहां 101 फीट का रावण का पुतला तैयार किया गया है। रामलीला के साथ आतिशबाजी की भी भरपूर व्यवस्था है।

प्रदेश के सबसे बड़े इस दशहरा उत्सव में एक अनुमान के मुताबिक दो लाख से ज्यादा लोग आते हैं। उत्सव की शुरुआत भले ही तरुण चटर्जी के नेतृत्व में हुई थी पर पांच साल से इस उत्सव का कमान भाजपा नेताओं के हाथों में है। शहर में रावणभाठा का दशहरा उत्सव सबसे पुराना है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री श्यामाचरण शुक्ल ने वषरें तक रावण वध किया। उत्सव समिति में भी ज्यादातर कांग्रेसी ही थे। अब यहां भी दशहरा उत्सव समिति में नए चेहरे आ गए हैं।

रावण का वध राजस्व व पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। यह रायपुर दक्षिण विधानसभा का क्षेत्र है जहां से श्री अग्रवाल चुनाव लड़ने की तैयारी शुरु कर चुके हैं । शंकर नगर और चौबे कालोनी के दशहरा उत्सव पर भी नेताओं की नजर है। चौबे कालीनी रायपुर पश्चिम और शंकर नगर रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आता है। राजनांदगांव का दशहरा इस बार पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा होगा।

यहां कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दशहरा उत्सव का आयोजन कर रहे हैं। भाजपा की ओर से रावण वध करने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह मौजूद रहेंगे तो कांग्रेस के आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद अजीत जोगी। जिज्ञासा इस बात को लेकर है कि दोनों नेता एक दूसरे पर किस तरह हमला बोलते हैं और किसके कार्यक्रम में ज्यादा भीड़ जुटती है? कांग्रेस के कोषाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य मोतीलाल वोरा ने अपने गृह जिला दुर्ग में दशहरा मनाने का फैसला लिया है। वे अपने पुत्र अरुण वोरा को यहां से चुनाव लड़वा रहे हैं। उत्सव के बहाने वे अपने पुत्र को जिताने के लिए बिसात भी बिछाएंगे।

प्रचार की होड़
दशहरा उत्सव स्थलों के आसपास के सारे होर्डिग्स राजनीतिक दलों और नेताओं ने बुक करा लिए हैं। बड़ी - बड़ी तस्वीरों के साथ उपलब्धियों का बखान करते हुए फ्लैक्स लगाए जा रहे हैं। टिकट के कुछ दावेदार बैनर लगाकर मतदाताओं को रिझाने की कोशिश में हैं। देवी दर्शन को साथ-साथ निकले राज्यपाल और मुख्यमंत्री
राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन और मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह सोमवार की रात शहर में एक साथ देवी दर्शन करने निकले। उन्होंने कालीबाड़ी, देवेन्द्र नगर, माना समेत कई जगहों पर देवी दर्शन किए। वे डांडिया देखने भी गए। पीडब्लूडी मंत्री राजेश मूणत भी उनके साथ थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: