News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. दुनियाभर में जारी आर्थिक मंदी ने छत्तीसगढ़ में भी स्टाक ट्रेडर्स को करारा झटका दिया है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई, रायगढ़, कोरबा और बिलासपुर जैसे शहरों के हजारों इनवेस्टर्स की कमर टूट गई है।
रायपुर में एक्टिव ट्रेडिंग करनेवाले इनवेस्टरों को महज दो दिन में करीब 30 करोड़ रुपए की चपत लगी है और शेयर बाजार में गहरे सन्नाटे का आलम है। मिडकैप के बजाय ब्लू चिप शेयरों में गिरावट ने दुर्ग-भिलाई के इनवेस्टर्स को 15 करोड़ रुपए से डुबो दिया है।
बीएसई इंडेक्स में सोमवार को 724 पाइंट्स और आज, मंगलवार को 106 पाइंट्स की गिरावट ने की वजह से राज्य के कारोबारी इनवेस्टमेंट के मामले में बैकफुट पर आ गए हैं।
नुकसान की दहशत इतनी है कि कई बड़े शेयर ब्रोकर्स लोगों को टिप्स बता रहे हैं कि किस तरह के निवेश से नुकसान से बचा जा सकता है। दैनिक भास्कर ने पाया कि राज्य के करीब 40 हजार सक्रिय इनवेस्टर्स चुप हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा पैसा रीयल स्टेट, बैंकिंग व रिलायंस के शेयरों में लगा रखा है, और इन्हीं में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। इस वजह से राज्यभर के इनवेस्टर्स को मंदी की इस आंधी के थमने का इंतजार है।
राजधानी का बुरा आलम : रायपुर स्टाक मंडी के डायरेक्टर विवेक सिंघल के अनुसार राजधानी के 20 बड़े स्टाक पाइंटर्स के यहां करीब 40 हजार इनवेस्टर्स लिस्टेड हैं, लेकिन 7500 ही डेली ट्रेडिंग कर रहे हैं।
करीब 30 करोड़ का नुकसान इसी वर्ग को हुआ है। एक प्रमुख फाइनेंस कंपनी के मोहित मेहता के मुताबिक इस बार नई बात ये रही है कि बाजार गिरने के बावजूद लोगों ने खुद को खरीदी से अलग रखा है। दो दिन से बाजार में बड़ी रकम किसी ने नहीं लगाई।
दुर्ग-भिलाई में खामोशी
भिलाई कार्यालय के मुताबिक ट्विनसिटी में इनवेस्टर्स ने करीब 70 करोड़ रुपए का लांग टर्म इनवेस्टमेंट है। हर महीने करीब 30 लाख रुपए लग रहे हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए लोगों ने पैसा लगाने से हाथ खींच लिए हैं। स्टाक ब्रोकर्स और पाइंटरों का अनुमान है कि दो दिन में ब्लू चिप शेयरों में ही लोगों को तकरीबन 15 करोड़ का नुकसान हुआ है।
बिलासपुर भी पस्त
स्टाक ट्रेडिंग में खासी दिलचस्पी लेने वाले कोरबा के इनवेस्टर्स भी आर्थिक मंदी से धराशायी हैं। बिलासपुर कार्यालय के मुताबिक वहां करीब 10000 इनवेस्टर्स हैं, जिनमें आधे से ज्यादा डेली ट्रेडिंग कर रहे हैं। उन्हें 8 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान उठाना पड़ा है। बिलासपुर शहर के 3000 से ज्यादा निवेशकों ने करीब 3 करोड़ रुपए का झटका सहा है। रायगढ़ के करीब 3000 निवेशकों को तगड़ा नुकसान हुआ है। सरगुजा के इनवेस्टर्स 20 लाख और जशपुर के निवेशकों को करीब डेढ़ करोड़ रुपए का घाटा उठाना पड़ा है।
क्या करें निवेशक
>> लांग टर्म इनवेस्टमेंट का समय है। एक साल के लिए निवेश फायदेमंद होगा।
>> पब्लिक सेक्टर तथा डिविडेंड देने वाली कंपनियों में निवेश करना चाहिए।
>> छोटे इनवेस्टर कुछ समय के लिए बाजार से दूर रहें तो अच्छा है।
>> अच्छी रकम लगाने वाले ब्लू चिप (ए-ग्रेड) शेयरों पर नजर रखें और पैसे लगाएं।
( रायपुर के मनीष बागड़ी, राहुल कुमार, भिलाई के आशीष ओझा और अभिषेक वैष्णव से बातचीत के आधार पर)