News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. नगर निगम द्वारा विजयादशमी पर ढाई लाख रुपए से तैयार हो रहे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। 65 फीट ऊंचा पुतला लगभग तैयार हो चुका है। स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल रिमोट दबाकर पुतले का दहन करेंगे, लेकिन यदि इससे पहले चुनाव आचार संहिता लगी तो विजयादशमी समारोह बगैर मुख्य अतिथि के होगा।
नगर निगम द्वारा विजयादशमी पर पिछले चार वर्षो से पुलिस ग्राउंड में मुख्य समारोह का आयोजन कर रावण दहन किया जाता है। इस बार भी विजयादशमी समारोह की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। नगर निगम द्वारा दशहरा महोत्सव के लिए पिछले साल की तरह इस वर्ष भी ढाई लाख का बजट रखा गया है।
६५ फीट ऊंचे पुतले का निर्माण पूर्व कारीगर जगत सारथी के निधन के बाद उसके बेटे सुजीत सारथी द्वारा किया गया है। चुनावी वर्ष में नगर निगम प्रशासन द्वारा इस समारोह को अन्य वर्षो की तुलना में बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
दशहरा महोत्सव नगरीय प्रशासन एवं स्वास्थ्य कल्याण मंत्री अमर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में होगा। वे रावण दहन करेंगे, लेकिन यदि इस बीच चुनाव आचार संहिता लागू हो जाती है तो कार्यक्रम में फेरबदल किया जा सकता है। समारोह के दौरान भीड़ को देखते हुए रावण दहन कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था लोकल टीवी समाचार चैनल द्वारा कराई जाएगी, ताकि लोग समारोहस्थल में अधिक भीड़ होने की स्थिति में बाहर से ही आतिशबाजी व रावण दहन समारोह का आनंद ले सकें।
समारोहस्थल पर आकर्षक आतिशबाजी की व्यवस्था की गई है। लगभग 60 हजार रुपए के पटाखे रावण के पुतले लगाए जाएंगे। इस दिन शाम 4 बजे राम दरबार और लंकापति रावण की झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर भ्रमण कर पुलिस ग्राउंड पहुंचेगी। यहां राम-रावण के बीच प्रतीकात्मक युद्ध होगा। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। नगर निगम के कार्यपालन अभियंता सुधीर गुप्ता ने बताया कि रावण का पुतला बनकर तैयार हो चुका है। सिर बनाने का काम बाकी है। बुधवार तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा। समारोह स्थल पर अमला लगाकर तैयारियां की जा रही हैं।