bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

महाभारत कालीन पात्र जीवित हुए

ग्वालियर. mahabharat राजनीति में भावनाओं का कोई मूल्य नहीं होता। इसकी प्रवृत्ति सदैव छलपूर्ण रही है, मानवीय संवेदनाओं को रौंदने वाली दिखाई दी है। युवा प्रतिभा सांस्कृतिक मंच द्वारा मंगलवार को ‘कोमल गांधार’ की प्रस्तुति दी गई, जो कुछ इसी तरह की कहानी कहता नजर आया।

यह नाट्य समारोह आईपीएस ग्रुप आफ कालेजेस व युवा प्रतिभा सांस्कृतिक मंच के संयुक्त तत्वावधान में सिटी सेंटर स्थित शिवाजी पार्क में आयोजित किया जा रहा है। समारोह में दूसरे दिन मंगलवार को ‘कोमल गांधार’ में कलाकारों द्वारा महाभारतकालीन किरदारों को जीवंत किया गया। यह नाटक मुख्यत: गांधारी, धृतराष्ट्र व भीष्म पितामह के आसपास घूमता है। शुरुआती दृश्यों में दिखलाया जाता है कि भीष्मपितामह द्वारा किस प्रकार छलपूर्वक गांधारी का विवाह धृतराष्ट्र से कराया जाता है।

एक तरफ गांधारी अपने भीतर सामान्य युवती की तरह अपने भावी जीवन साथी के लिए कल्पनाएं करती है, दूसरी तरफ उसकी नियति कुछ और ही होती है। यहां कभी-कभी भीष्म पितामह की पीड़ा भी झलकती है, जो अपनी प्रतिज्ञावश मजबूर होते हैं। नाटक आगे बढ़ता है, जब गांधारी को पता चलता है कि उसका पति अंधा है तो वह विवाहवेदी पर ही अपनी आंखों पर पट्टी बांध लेती है। यहीं से नाटक में द्वंद्व शुरू हो जाता है।

एक तरफ गांधारी मन ही मन धृतराष्ट्र को दोषी मानती है तो दूसरी ओर धृतराष्ट्र स्वयं भी अपराधबोध से ग्रसित नजर आता है। विवाह से पहले वह स्वयं नहीं जानता था कि गांधारी का विवाह उससे अज्ञानता में कराया गया है। उसकी यह पीड़ा दर्शकों तक भी पहुंचती है और निर्दोष जान पड़ता है।

नाटक के अंतिम दृश्यों में युद्ध में गांधारी के सभी पुत्र एक-एक कर मारे जाते हैं। आखिर में गांधारी अपने आंखों की पट्टी खोलती है। यहीं उसके शापित जीवन व नाटक का अंत हो जाता है। नाटक का निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल शर्मा द्वारा किया गया था। मुख्य भूमिकाओं में सर्वदमन सिंह, माधुरी नीखरा, अनिल शर्मा, अनिरुद्ध शर्मा, अभिषेक एवं गैरी दिखाई पड़े। समारोह का दूसरा दिन रंगकर्मी स्व. प्रेमचंद कश्यप को समर्पित था। इस अवसर बड़ी संख्या में दर्शकगण उपस्थित थे।

नाट्य समारोह में आज
नाट्य समारोह का तीसरा दिन रंगकर्मी स्व. विनोद तिवारी ‘विराट’ को समर्पित होगा। इस दिन समागम रंगमंडल जबलपुर द्वारा आशीष पाठक द्वारा निर्देशित हास्य नाटक ‘पॉपकार्न’ की प्रस्तुति दी जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: