News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय रसायन, उर्वरक एवं इस्पात मंत्री रामविलास पासवान ने कहा है कि मप्र के विधानसभा चुनाव में पार्टी सभी 230 सीटों पर उम्मीदवार खड़ा करेगी। श्री पासवान मंगलवार को यहां संवाददाताओं से चर्चा कर रहे थे।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फूलसिंह बरैया व अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में श्री पासवान ने कहा कि गरीब का राज और सामाजिक न्याय मुहैया कराना हमारा उद्देश्य है। यह पूछे जाने कि प्रदेश के विधानसभा चुनाव में किसी दल के साथ आपकी पार्टी समझौता करेगी, उन्होंने कहा कि इस संबंध में अभी किसी के साथ कोई चर्चा नहीं हुई है।
दलितों की नेता माया नहीं बरैया
लोजपा नेता श्री पासवान ने एक सवाल पर कहा कि मप्र में दलितों की नेता बसपा की मायावती नहीं बल्कि लोजपा के फूलसिंह बरैया हैं। उन्होंने कहा कि मायावती बाबा साहब अम्बेडकर का नाम तो लेती हैं पर बात सर्वजन की करती हैं। इससे साफ है कि वे रास्ता भटक गई हैं। श्री पासवान ने कहा कि अगर मप्र में लोजपा की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री फूलसिंह बरैया होंगे। श्री पासवान ने कर्नाटक और उड़ीसा में राष्ट्रपति शासन लागू किये जाने की बात भी दोहराई।
दो सौ उम्मीदवार तय, पहली सूची में 43 नाम
लोक जनशक्ति पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची में 43 नाम शामिल किये गये हैं जबकि श्री पासवान ने दो सौ उम्मीदवारों के नाम तय किये जाने की बात कही है। उनका कहना है कि कुछ सीटों पर एक से अधिक दावेदार होने से चयन को लेकर मंथन चल रहा है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फूलसिंह बरैया के लिए भी दो-तीन सीटों पर मंथन चल रहा है।
पहली सूची में शामिल नामों में ग्वालियर-चंबल संभाग में श्योपुर से रामसिंह रावत, विजयपुर से मुकेश मल्होत्रा, जौरा से आदिराम मावई, सुमावली से राजेन्द्र कुशवाह, दिमनी से प्रेमकुमार जाटव, अम्बाह से रामसेवक करतोलिया, लहार से मुन्नालाल भास्कर, ग्वालियर पूर्व से डा. सच्चिदानंद कुशवाह, भितरवार से केशव बघेल, सेंवढ़ा से रामवीर सिंह कुशवाह, दतिया से जगन्नाथ अहिरवार, करैरा से डा. राजाराम बिजौल, कोलारस से महेन्द्र सिंह राजपूत, बामोरी से मनीराम जाटव, गुना से शंकरलाल खटिक, राधोगढ़ से गजेन्द्र रघुवंशी, मुंगावली से गुरुसेवक सिंह, अशोकनगर से ठाकुरदास चौधरी के नाम शामिल हैं।
इसी तरह बीना से रामकिशन अहिरवार, छतरपुर से मुहम्मद अली, बिजावर से भूपेन्द्र राहुल, मलहरा से मनीष जैन, अमर पाटन से सोभनाथ सैन, सेमरिया से कुमरसिंह कुर्मी, त्योंथर से श्यामकली मांझी, मऊगंज से शिवशंकर केवट, देव तालाब से जाग्रति साकेत, मनगंवा से गंगा प्रसाद साकेत, गुढ़ से राजकुमार, सिंगरोली से अम्बिका प्रसाद साहू, कोतमा से मु्न्नालाल चौधरी, परासिया से डा. डीआर जायसवाल, सांची से बाबूलाल पहलवान, कुरवाई से सुनील बोरसे, गोविन्दपुरा रामपाल धोंसले, नरसिंहगढ़ से राजेश रातलिया, राजगढ़ से कलावती इंदौरिया, बागली से बेरसिंह डाबर, महेश्वर से दिलीप सूर्यवंशी, सरदार पुर से रमेश दामोर, तराना से डा. भंवरसिंह गंगवाल, आलोट से रमेश चंद्र ररौरिया को उम्मीदवार बनाया गया है।