News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. युवा देश के भविष्य निर्धारक हैं और युवाओं एक माला में पिरोकर उन्हें विकास से जोड़ने का काम नेहरु युवा केन्द्र बखूबी कर रहा है। उक्त उद्गार केन्द्रीय संचार राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार की शाम मानस भवन में राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस मौके पर प्रदेश भर से आए नेहरु युवा केन्द्र के समन्वयकों ने श्री सिंधिया का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
नेहरु युवा केन्द्र के राज्य स्तरीय सर्वश्रेष्ठ युवा मण्डल एवं युवा पुरस्कार समारोह में उपस्थित प्रदेश भर के युवा मण्डलों से आए सदस्यों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री सिंधिया ने कहा कि आज से तीस-चालीस वर्ष पूर्व नेहरु युवा केन्द्र की शुरूआत इसी उद्देश्य से की गई थी, कि युवा पहले खुद अपना सही रास्ता चुनें और फिर अन्य लोगों को इस हेतु प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि युवाओं में ऊर्जा का अपार भण्डारण होता है और इस संस्था से जुड़ने के बाद युवा अपनी ऊर्जा का उपयोग देश के विकास में करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने कार्यो से इस देश का नाम आसमान की ऊंचाईयों तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ युवा मण्डल का पुरस्कार प्राप्त करने वाले छिंदबाड़ा के कलाकारों ने आदिवासी शैला एवं गेड़ी लोक नृत्य में करमा ताल की आकर्षक प्रस्तुति दी। छिंदबाड़ा के युवा कलाकारों की कला से श्री सिंधिया इतने अधिक प्रभावित हुए कि नृत्य खत्म होने के बाद वे उनके बीच पहुंचे और प्रत्येक कलाकार से चर्चा करने के बाद फोटो सेशन करवाया। इसके बाद शिवपुरी के कलाकारों ने कृष्ण स्वरूप धारण गरबा डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया।