bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

‘धीमी मौत’ का धंधा पकड़ा

अजमेर. पुलिस की स्पेशल टीम ने मंगलवार को ‘धीमी मौत’ यानी स्मैक के कारोबार की एक कड़ी को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, शीशा खान पीर रोड पर लंबे समय से स्मैक की पुड़िया बेचने वाले चून्नु पहलवान के मकान पर दबिश दी गई थी, जहां उसकी बीवी के कब्जे से पंद्रह ग्राम स्मैक बरामद हुई, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत एक लाख रुपए बताई जाती है। महिला के पास से कारोबार से अर्जित 10 हजार 980 रुपए भी जब्त किए गए हैं।

चून्नू पहलवान पुलिस के हाथ नहीं लगा। स्पेशल टीम प्रभारी सीआई प्रमोद स्वामी ने बताया कि यह इत्तला मिली थी कि शीशाखान, पीर रोड निवासी मोहम्मद सद्दीक उर्फ चुन्नू पहलवान और उसकी पत्नी गुलबहार उर्फ गुलबदन लंबे समय से नशे का कारोबार कर रहे हैं। दोनों पर निगरानी की जा रही थी। मंगलवार को मकान पर दबिश दी गई, जहां से गुलबदन को पकड़ा गया। उसके पास से पंद्रह ग्राम स्मैक मिली। पूछताछ में उसने बताया कि पति चुन्नू पहलवान और उसके परिवारजन नशे का कारोबार करते हैं। पुलिस गुलबदन के पति की तलाश कर रही है। गुलबदन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

नेटवर्क में पूरा घराना
स्मैक सहित पकड़ी गई गुलबदन के साथ इस काले कारोबार में उसका पति चुन्नू पहलवान, बेटा वाहिद, देवर शरफू और परिवार के अन्य लोग शामिल हैं। पूछताछ में गुलबदन ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक चुन्नू मेवाती और मोहम्मद शफीक से खरीदती थी। पुलिस उसके बयान के आधार पर मेवाती और शफीक के बारे में भी तफ्तीश कर रही है।

तीन सौ रुपए का डोज
आरोपी गुलबदन तीन सौ रुपए में एक मिलीग्राम स्मैक बेचती थी। नशे की गिरफ्त में फंसे कई लोग इसके ग्राहक हैं। खुलेआम नशे की पुड़िया बेचे जाने की शिकायत इलाके के लोग पुलिस को पहले भी कई बार कर चुके हैं। शीशा खान, पीर रोड पर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: