अजमेर. अग्रवाल पाठशाला सभा और अग्रवाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्टाफ के बीच वेतन को लेकर चल रहे विवाद में सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्रों को लाठियां भांज कर खदेड़ने के मामले में मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने पार्षद सतीश बंसल सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार ग्यारहवीं कक्षा के छात्र संजय चौधरी, बारहवीं के प्रमोदकुमार व दिनेश कुमार ने पार्षद बंसल के खिलाफ रिपोर्ट पेश की थी। इनके साथ विप्र पुरोहित संघ के अध्यक्ष सुदामा शर्मा भी थे। छात्रों ने रिपोर्ट में बताया है कि शिक्षकों के आंदोलन के कारण पढ़ाई ठप है।
पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर छात्र अग्रसेन स्कूल में मैनेजमेंट ऑफिस के सामने प्रदर्शन कर रहे थे। मौके पर मौजूद मैनेजमेंट के कार्यकारिणी सदस्य पार्षद सतीश बंसल, प्रणशेखर बंसल, गोपाल माली, गोपाल गोयल, अग्रसेन स्कूल की प्राचार्य बीना शर्मा और दो सहायक कर्मचारियों ने छात्रों पर लाठियों से हमला कर दिया। इससे उनके चोटें र्आई।
पुलिस ने तीनों छात्रों का मेडिकल मुआयना कराया। पुरोहित संघ के अध्यक्ष सुदामा शर्मा ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।मालूम हो सोमवार को अग्रवाल पाठशाला सभा के कार्यकारिणी सदस्य सतीश बंसल की रिपोर्ट पर प्रदर्शनकारी छात्रों और उन्हें भड़काने वाले शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में स्कूल मैनेजमेंट ने सफाई दी है कि उग्र छात्र महाराजा पब्लिक स्कूल के नर्सरी के बच्चों पर हमला कर रहे थे, उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
एएसपी को दिखाए जख्म
कर्मचारी नेताओं व स्टाफ ने मंगलवार को एएसपी राजेश मीणा को तीन घायल छात्रों के जख्म दिखाए। इससे पूर्व स्टाफ काफी देर तक एसपी आनंद श्रीवास्तव का इंतजार भी करता रहा।
न्यायिक जांच की मांग
अग्रवाल पाठशाला सभा एवं महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल के स्टाफ ने मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। सभा के पदाधिकारियों की मंगलवार शाम हुई बैठक के बाद उक्त ज्ञापन भेजा गया। बैठक में सीताराम गोयल, मुंशी राधेश्याम अग्रवाल, महेश गुप्ता, डॉ. विष्णु चौधरी, प्रणशेखर बंसल सहित अग्रवाल समाज के लोग मौजूद थे।