bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

सेना के संशय पर विवि को एतराज

बीकानेर. सेना की भर्ती रैली में लगातार दूसरी बार बीकानेर विश्वविद्यालय की डिग्री को खारिज करने से खफा विवि के कुलपति प्रो.सी.बी.गैना ने न्यायालय में जाने की तैयारी कर ली है।

उन्होंने कहा है कि लिखित रूप से इस संबंध में अभ्यर्थियों की तरफ से शिकायत आने के साथ ही कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। प्रो. गैना ने यह फैसला चूरू, सीकर और झुंझनू से आई शिकायतों के बाद किया है।

विदित रहे कि 26 सितंबर से दो अक्टूबर तक झुंझनू में आयोजित सेना की भर्ती रैली के दौरान बीकानेर विश्वविद्यालय की डिग्री को सेना के अधिकारियों ने मानने से इंकार कर दिया है, ऐसा आरोप कुछ अभ्यर्थियों ने लगाया था।

ऐसे तीन छात्र हैं जिन्हें बीकानेर विवि की डिग्री के आधार पर अयोग्य करार दे दिया गया। सिर्फ उन्हीं अभ्यर्थियों का चयन हुआ जिन्होंने बगैर विवि के डिग्री के भी उत्तीर्णाक हासिल कर लिए। हालांकि इस संबंध में सेना की ओर से पुष्टि नहीं हो पाई है लेकिन मौके पर सेना के अधिकारियों ने यह कहते हुए अभ्यर्थियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया बताते हैं कि उन्हें जिन मान्यता प्राप्त विवि की डिग्री मिली है, उनमें बीकानेर विश्वविद्यालय का नाम नहीं है।

इसके अलावा बीकानेर विवि का रजिस्ट्रेशन विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की धारा 12-बी और एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी में भी नहीं होना एक कारण माना जा रहा है। उधर, बीकानेर विवि के कुलपति प्रो. सी.बी.गैना का कहना है कि बीकानेर विवि की डिग्री की मान्यता को लेकर किसी तरह का सवाल नहीं है। नियमानुसार सारी औपचारिकताओं की पूर्ति की गई है।

पांच साल पहले राज्य सरकार ने यूनिवर्सिटी ऑफ स्टेट असेंबली एक्ट के तहत बीकानेर विश्वविद्यालय का गठन किया था। विवि अनुदान आयोग की धारा दो-एफ मे इसका रजिस्ट्रेशन हो गया है। इस धारा में रजिस्ट्रेशन के बाद डिग्री को मान्य करार दे दिया जाता है। अगर सेना ने इन सभी नियमों को अस्वीकार करते हुए अभ्यर्थियों की डिग्री को खारिज किया है तो हम न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
- प्रो. सी. बी. गैना, कुलपति, बीकानेर विश्वविद्यालय

2007 में खारिज की थी डिग्री
पिछले वर्ष सेना ने बीकानेर विवि की डिग्री को यह कहकर खारिज किया कि विवि यूजीसी की धारा 12-बी में रजिस्टर्ड नहीं है। खारिज डिग्री को लेकर पीड़ित अभ्यर्थी कुलपति के पास पहुंचे थे। कुलपति ने इस संबंध में सेना अधिकारियों से बात की थी। पिछले वर्ष की बात आई-गई हो लेकिन इस वर्ष फिर से यह मामला सामने आ गया। अब विवि इस पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

क्या होगा डिग्रीधारक छात्रों का
सेना में भर्ती होना हर छात्र का सपना होता है। बेरोजगारी के इस दौर में डिग्रीधारक छात्र भी सेना में भर्ती के लिए एप्लाई करते हैं लेकिन बीकानेर विश्वविद्यालय के डिग्रीधारक छात्रों के लिए यह परेशानी वाली बात हो गई है। राज्य व केन्द्र के प्रत्येक विभाग ने बीकानेर विश्वविद्यालय की डिग्री को माना है लेकिन सेना ने डिग्री खारिज कर छात्रों के सामने समस्या खड़ी कर दी है। सेना के इस रुख केा देखते हुए विवि ने कड़ी आपत्ति जताई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: