Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood नई दिल्ली.
फिल्म ‘किडनैप’ में मिनिषा लांबा का नया सैक्सी अवतार उनके प्रशंसकों को बेहद पसंद आया है लेकिन यह कोई नहीं जानता कि इसके लिए इमरान खान जिम्मेदार हैं। मिनिषा का कहना है कि वह इमरान ही थे, जिनकी मदद से वह अपने वजन को नियंत्रण में रख पाईं।
एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया, ‘फिल्म की शूटिंग में मैं हाई प्रोटीन वाली डाइट ले रही थी और इमरान हमेशा घर का बना खाते जिसमें कीमा शामिल होता। जब उन्हें पता चला कि मैं डायटिंग पर हूं, उसके बाद उन्होंने मुझसे अलग रहकर लंच लेना शुरू कर दिया। यही नहीं वह मुझे अक्सर फिट रहने के नुसखे बताते। इसलिए कह सकते हैं कि मेरे इस लुक के लिए वही जिम्मेदार हैं।’
डायटिशियन से ली सलाह
मिनिषा कहती हैं कि उन्होंने अपनी परफैक्ट बॉडी के लिए 8 महीने तक अपने फिजिकल ट्रेनर और डायटिशियन के कहे अनुसार खाना खाया है और अब वह वही चीजें खा रही हैं, जो उनके शरीर के लिए सही हैं। चॉकलेट खाने की शौकीन इस अभिनेत्री ने बताया कि एक वक्त था, जब वह हफ्ते में 3-4 चॉकलेट्स खा लेती थीं, लेकिन अब 10 दिनों में एक चॉकलेट ही खाती हैं।
उन्होंने बताया कि जब निर्देशक संजय गढ़वी ने उन्हें ‘किडनैप’ का ऑफर दिया था, उसी वक्त उन्होंने कह दिया था कि फिल्म में उन्हें बिकनी पहननी होगी और इसके लिए परफैक्ट बॉडी होनी जरूरी है। उन्होंने बताया, ‘मैंने संजय की फिल्म में बिकनी पहनने का फैसला इसलिए किया क्योंकि मैं पहले उनकी फिल्मों में अभिनेत्रियों को ऐसा करते देख चुकी थी।
‘धूम’ में ईशा देयोल और ‘धूम-2’ में बिपाशा बसु बिकनी में कमाल की लगी थीं। इसलिए मैं भी तैयार हो गई।’ मिनिषा बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में से हैं, जिन्होंने शुरुआत को गंभीर फिल्मों से की लेकिन बाद में उन्हें इमेज मेकओवर का अच्छा मौका मिला।