बेंगलूर.
बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफी के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बहुप्रतीक्षित चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच बेंगलूर के एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुरुवार से खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मैच को जीतकर सीरीज का शानदार आगाज करना चाहेंगी।
यह देखते हुए बेंगलूर टेस्ट के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस स्टेडियम में भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। हालांकि भारत दौरे पर आई कंगारू टीम को अब तक की सबसे कमजोर टीम माना जा रहा है।
ऐसे में पहला मैच जीतकर भारत सीरीज में कंगारुओं को बैकफुट पर लाने की पूरी कोशिश करेगा। गौरतलब है कि पिछले छह टेस्ट मैचों से भारत को इस मैदान पर एक भी जीत नसीब नहीं हुई है।
भारत का पलड़ा भारी :
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ स्पिन गेंदबाजी भारत का मुख्य हथियार होगा। ऐसे में घरेलू दर्शकों और कुंबले व हरभजन जैसे दिग्गज स्पिनरों की मौजूदगी में इस मैच में भारत का पलड़ा भारी लग रहा है। अगर भारत को यह मैच जीतना है तो कुंबले-हरभजन की जोड़ी की इसमें अहम भूमिका निभानी होगी।
कंगारुओं को पेस बेटैरी पर भरोसा :
भारत पर जीत दर्ज करने के लिए ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण पर निर्भर होगा। ब्रेट ली, मिशेल जॉनसन और स्टुअर्ट क्लॉर्क जैसे तेज गेंदबाज भारत के खिलाफ इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई तरकश के मुख्य तीर होंगे।
वरिष्ठ खिलाड़ियों पर दबाव :
गांगुली ने मैच से पहले अपने संन्यास की घोषणा कर खुद पर से तो दबाव हटा लिया है पर इससे भारतीय टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों पर प्रदर्शन का दबाव बढ़ गया है। श्रीलंका के साथ पिछली टेस्ट सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद से ही सौरव पर संन्यास का दबाव बनने लगा था। इस मैच सहित पूरी सीरीज में सचिन, द्रविड़, कुंबले और लक्ष्मण के प्रदर्शन पर चयनकत्र्ताओं और समीक्षकों की नजर होगी।
भारतीय टीम
अनिल कुंबले (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), सचिन तेंडुलकर, सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण, राहुल द्रविड़, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, हरभजन सिंह, अमित मिश्रा, एस. बद्रीनाथ, मुनाफ पटेल, रुद्रप्रताप सिंह, जहीर खान, ईशांत शर्मा
ऑस्ट्रेलिया टीम
रिकी पोंटिंग (कप्तान), मैथ्यू हेडन, ब्रॉड हैडिन (विकेटकीपर), साइमन कैटिच, शेन वाटसन, माइक हसी, माइकल क्लार्क, कैमरून व्हाइट,ब्रेट ली, मिशेल जानसन, स्टुअर्ट क्लार्क, जेसन क्रेजा, फिल जैक्स, पीटर सिडल, डगलस बोलिंगर
अंपायर
रुडी कर्टजन (दक्षिण अफ्रीका) और असद रउफ (पाकिस्तान)। थर्ड अंपायर : अमीश साहेबा (भारत)।
फोर्थ अंपायर : संजय हजारे
मैच रेफरी : क्रिस बॉड (इंग्लैंड)