भोपाल.
विजयादशमी पर्व गुरुवार को धूमधाम से मनेगा। पुराना शहर के छोला समेत उपनगरीय क्षेत्रों में आकर्षक चल समारोह निकलेंगे। विजय भूमि पर रावण दहन के बाद भगवान राम का विजय तिलक व रंगारंग आतिशबाजी व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शहर में सोलह स्थानों पर रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। कोलार दशहरा मैदान में आतंकवाद का पुतला भी जलाया जाएगा।
पुराना शहर: पुराने शहर में जिला प्रशासन द्वारा गठित दशहरा उत्सव समिति के बैनर तले मारवाड़ी रोड बांके बिहारी मंदिर से दोपहर दो बजे चल समारोह का शुभारंभ महंत चंद्रमादास त्यागी करेंगे। चल समारोह इब्राहिमपुरा, चौक, घोड़ानक्कास होता हुआ विजय भूमि छोला पहुंचेगा। चल समारोह संयोजक प्रमोद नेमा ने बताया कि चल समारोह में भगवान राम का रथ, घोड़े, धर्म ध्वज, बैंड, ढोल व विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे। अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी करेंगे।
टीटी नगर: तात्या टोपे नगर के दशहरा मैदान पर नागरिक कल्याण समिति के बैनर तले शाम छह बजे उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मुख्य अतिथि राज्यपाल डॉ. बलराम जाखड़ होंगे। विशेष अतिथि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे। अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी करेंगे। विशेष अतिथि मंत्री राघवजी, बाबूलाल गौर व महापौर सुनील सूद होंगे। प्रवक्ता राजेश वर्मा ने बताया कि दहन के समय रावण की आंख से शोले बरसेंगे। रंगारंग आतिशबाजी भी होगी।
शाहपुरा: शाहपुरा उत्सव समिति द्वारा दशहरा उत्सव में रात आठ बजे रावण दहन व अन्य कार्यक्रम किए जाएंगे। अध्यक्ष भारत सिंह पाल ने बताया कि इसके पहले शाम चार बजे शाहपुरा दुर्गा मंदिर से चल समारोह निकलेगा।
गोविंदपुरा: गोविंदपुरा दशहरा मैदान पर शाम छह बजे विजयादशमी पर्व मनाया जाएगा। रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। चल समारोह भी निकलेगा। कोलार: हिंदू उत्सव समिति द्वारा दशहरा मैदान पर आयोजित समारोह में रावण दहन, आतिशबाजी व अन्य कार्यक्रम होंगे।
बैरागढ़: दशहरा मैदान पर विजयादशमी पर्व की तैयारियां की जा रही हैं। यहां रावण दहन के साथ भगवान राम का तिलक भी होगा।
भेल: भेल क्षेत्र के गोविंदपुरा, शक्तिनगर, अयोध्या नगर, बाग मुगालिया एक्सटेंशन आदि क्षेत्रों में रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
इसी तरह कोहेफिजा, गांधीनगर, निशातपुरा, पश्चिम मध्य रेल संस्थान रेलवे ग्राउंड, विजयनगर, करोद आदि स्थानों पर भी दशहरा उत्सव मनाया जाएगा।
बिट्टन मार्केट पर भव्य आतिशबाजी
बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान पर गुरुवार को अरेरा राजधानी उत्सव समिति और दैनिक भास्कर द्वारा भव्य विजयादशमी समारोह में रावण दहन के साथ ही रंगारंग आतिशबाजी खास आकर्षण रहेगी। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी होंगे। अध्यक्षता महापौर सुनील सूद करेंगे। विशेष अतिथि विधायक उमाशंकर गुप्ता, पूर्व विधायक पीसी शर्मा, शैलेंद्र प्रधान, संजय पांडे व रामचंद्र तिवारी होंगे।
यह जानकारी समिति के अध्यक्ष, अधिवक्ता राजेश व्यास और महासचिव संजय सोमानी ने दी। उन्होंने बताया कि जहां आतिशबाजी की बहुरंगी छटाएं बिखरेंगी, वहीं आसमान में मछलियां तैरती नजर आएंगी। चरखियां घूमेंगी, गोल्डन रेन होगी और स्टार फाइट व स्काय मैजिक के नजारे भी दिखेंगे। आसमान में सीटियों के साथ सतरंगी फूल भी खिलेंगे। अतिथियों के स्वागत में अनार चलाए जाएंगे।
प्रवक्ता गुरुचरण अरोरा ने बताया कि चल समारोह महंत राम रतन गिरि महाराज के सानिध्य में 12 नंबर स्थित हनुमान मंदिर टेकरी से निकलेगा, जो ग्यारह नंबर स्टाप, ग्यारह सौ क्वार्टर व दस नंबर होता हुआ बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान पहुंचेगा। समिति के विष्णु राने ने बताया कि महिलाओं व बच्चों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई है।