भोपाल. बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के सेमेस्टर मुख्य परीक्षा के फार्म 13 अक्टूबर से भरवाए जाएंगे। विवि ने सभी कॉलेजों को 13 अक्टूबर को परीक्षा फार्म उपलब्ध कराने की व्यवस्था कर दी है।
कॉलेजों को परीक्षा आवेदन 25 अक्टूबर तक विश्वविद्यालय में जमा करवाने के लिए कहा गया है। नयी व्यवस्था में ओएमआर स्टाइल के परीक्षा फार्म कॉलेज में प्रभारी शिक्षकों की देखरेख में भरवाए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के परीक्षा फार्म में इस बार छात्र संबंधी जानकारी लिखने के स्थान पर दिए गए खानों में काले गोले लगा कर भरी जानी है। इसके लिए कॉलेज प्रबंधन को छात्रों के नामांकन नंबर की सूची भी दी जा रही है। जिसे आवश्यक रूप से फार्म में भरवाने के लिए कहा गया है।
इस बार परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्र नियमित होने की वजह से इस कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। विवि ने परीक्षा फार्म की कीमत 75 रुपए तय की है। जिसे छात्र से लेकर बैंक में जमा करवाने और रसीद को भंडार कक्ष में जमा करने की जिम्मेदारी कॉलेज की है। कॉलेज प्राचार्र्यो को ताकीद की गई है कि रसीद जमा करने के बाद अनापत्ति प्रमाणपत्र लिए बिना परीक्षा फार्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्रवेश जानकारी की सीडी न देने वाले कॉलेजों के छात्रों को रोल नंबर आवंटित नहीं किए गए हैं। ऐसे कॉलेजों को अलग से प्रमाणित सूची भेजने को कहा गया है। सूची मिलने के बाद ही रोल नंबर आवंटित किए जाएंगे।