जयपुर. ‘दो घड़ी की ढील है..रावण मारा जाएगा’ के परंपरागत उद्घोष के बीच शहरभर में गुरुवार को विजयादशमी पर्व पर बुराई के प्रतीक रावण का पुतला दहन किया जाएगा। विद्याधर नगर के सेंट्रल स्पाइन, मानसरोवर वरुण पथ मैदान, न्यू गेट रामलीला मैदान, प्रताप नगर, शास्त्री नगर के प्रमुख दशहरा उत्सवों के अलावा गली-मोहल्लों में भी रावण दहन होंगे।
मानसरोवर वरुण पथ : रावण का 70 फुट ऊंचा पुतला फूंका जाएगा। रात्रि 10 बजे मेले में रावण दहन के पश्चात 21 हवाइयां छोड़ी जाएंगी। दो दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राम का राज्याभिषेक किया जाएगा।
रामलीला मैदान : गोलछा चेरिटेबल ट्रस्ट की रामलीला महोत्सव समिति की ओर न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान पर रात 8:30 बजे 51 फुट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा। मैदान में सुरक्षा की दृष्टि से बेरिकेडिंग की गई है।
गलता तीर्थ के सीतारामजी मंदिर से सीता-राम की शोभायात्रा निकलेगी। पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य के सान्निध्य में खेजड़ी के पेड़ की पूजा-अर्चना के बाद यहां स्थित रामबाग में रावण दहन किया जाएगा।
जवाहर नगर रामलीला समिति की ओर से शाम 7 बजे शिवमंदिर रामलीला मैदान पर रावण दहन व राम राज्याभिषेक होगा। प्रताप नगर दशहरा समिति की ओर से रावण के 70 फुट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा। सुरक्षा के लिए पुलिस के अलावा बजरंगदल, शिवसेना के कार्यकर्ता जुटेंगे।
रावण नंबर वन
विद्याधर नगर स्टेडियम में दैनिक भास्कर और सेंट्रल स्पाइन ऑनर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शहर का सबसे ऊंचा 115 फुट का रावण दहन के लिए तैयार होकर खड़ा हो चुका है। रावण दहन के समय दूर तक रावण की चीखें सुनाई देंगी, उसकी आंखें लाल हो जाएंगी और तलवार गिर जाएगी। मेलास्थल के पास पार्किग व्यवस्था रहेगी। स्टेडियम में एक ओर खान-पान की स्टालें लगाई जाएंगी। इवेंट मैनेजर प्रिंस रूबी ने बताया कि मशहूर सीरियल ‘चक दे बच्चे’ के कलाकार और बैंडवादन मेला का खास आकर्षण होंगे।