News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. नगर निगम ने डब्ल्यूआरएस, रावणभाठा, चौबे कालोनी, मैदान, शंकर नगर, राजेंद्र नगर और रामकुंड में पर्व की व्यवस्था की है। वहीं पुलिस ने पूरे शहर में 20 प्रमुख जगहों पर विशेष व्यवस्था की है। सबसे बड़ा आयोजन डब्ल्यूआरएस कालोनी में होगा।
101 फीट ऊंचे दशानन के पुतले का दहन राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डा. रमनसिंह, पर्यटन और राजस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत व अन्य नेता बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे। आयोजन समिति, निगम और पुलिस प्रशासन ने आज दिन भर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। डब्ल्यूआरएस कालोनी तक पहुंचने के लिए वीआईपी और आम लोगों का रास्ता एक ही तय किया गया है।
फाफाडीह चौक होकर खमतराई ओवरब्रिज के नीचे से होकर लोग मैदान तक पहुंचेंगे। रेलवे क्रासिंग के अंदर घुसते ही वीआईपी और आम लोगों का रास्ता अलग हो जाएगा। रेलवे इंस्टीट्यूट और केंद्रीय विद्यालय के बीच की खाली जगह पर आम लोगों के लिए पार्किग की व्यवस्था की गई है। वहां गाड़ियां खड़ी कर लोग पैदल रेलवे इंस्टीट्यूट के सामने वाले रास्ते से होकर डब्ल्यूआरएस मैदान में पहुंचेंगे।
वहीं वीआईपी रेलवे इंस्टीटयूट, केंद्रीय विद्यालय मार्ग होते हुए उरकुरा रोड की ओर मुड़ेंगे। आफिसर कालोनी के सामने खाली जगह, श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्कूल परिसर और आरपीएफ बैरक के सामने वीवीआईपी पार्किग का इंतजाम किया गया है। पार्किग में गाड़ी खड़ी कर वीवीआईपी पानी टंकी के सामने लगे ड्रापगेट पार कर मुख्य रास्ते पर आएंगे। वहां से सीधे समारोह के लिए बने मंच व वीआईपी पासधारकों के लिए बने इलाके में प्रवेश करेंगे।
मैदान के एक ओर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले खड़े होंगे। वहीं पुतलों के सामने की जगह को आतिशबाजी के लिए सुरक्षित कर दिया गया है। वीआईपी इलाके में पैदल रोड केवल अतिथियों के आगमन के वक्त को छोड़कर बाकी समय खुला रहेगा ताकि भनपुरी की ओर से आने वाले लोग इस रास्ते से होकर आसानी से आम लोगों के लिए सुरक्षित की गई जगह पर पहुंच सकें।
रावणभाठा में पुष्प वर्षा : रावणभाठा में आयोजित दशहरा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन और राजस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुनील सोनी करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में योगेश अग्रवाल, सभापति रतन डागा और इंदरचंद धाड़ीवाल को आमंत्रित किया गया है। रावणभाठा दशहरा उत्सव समिति संचालक मंडल के प्रमुख मनोज वर्मा और सुशील ओझा ने बताया कि इस बार रावण वध के बाद श्री रामचंद्र की सेना पर आकाश से पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके लिए नागपुर से ग्लाइडर मंगाया गया है जिसका इंतजाम भिलाई की छत्तीसगढ़ एविएशन एकेडमी कर रही है।
रावण दहन पर राजनीति
रावणभाठा में दशहरे के आयोजन को लेकर राजनीति तेज हो गई है। दूधाधारी मठ प्रबंधन और रावणभाठा दशहरा समिति के बीच विवाद खुलकर सामने आ गया। एक ओर मठ के ट्रस्टी विधायक रामसुंदर दास ने आयोजन की कमान दशहरा उत्सव समिति को सौंप दी है वहीं पिछले 16 सालों से पर्व का आयोजन करने वाली रावणभाठा दशहरा समिति ने आयोजन से किनारा करने की घोषणा की है।
पिछड़ावर्ग विकास संगठन के अध्यक्ष सूरज निर्मलकर के नेतृत्व में माना विमानतल मार्ग पर स्थित फुंडहर गांव में रावण दहन करने की तैयारी कर ली गई है। दशहरा उत्सव समिति के सुशील ओझा ने बताया कि रावणभाठा दशहरा समिति से उन्हें कोई मलाल नहीं है लेकिन कतिपय लोगों द्वारा धर्म के काम में नेतागिरी करने के कारण समिति का बड़ा वर्ग असंतुष्ट हो गया। इधर रावणभाठा दशहरा समिति के पक्ष में अखिल भारतीय हिंदू महासभा की बैठक आचार्य कृष्णानंद शास्त्री के पुरानी बस्ती स्थित निवास पर हुई। महासभा ने समिति के खिलाफ महंत द्वारा दिए गए बयान पर नाराजगी जताई। बैठक में पिछड़ा वर्ग के नेता सूरज निर्मलकर का समर्थन किया गया और राजनीतिक दलों को महंत को टिकट नहीं देने की चेतावनी दी गई।
रावण की ऊंचाई की होड़
फुंडहर में पिछड़ा वर्ग विकास संगठन की ओर से 70 फीट का रावण जलाया जाएगा। वहीं बीटीआई मैदान खम्हारडीह में सार्वजनिक दशहरा समिति की ओर से 50 फीट का रावण जलाया जाएगा। यहां मुख्य अतिथि पूर्व पंचायत मंत्री अमितेश शुक्ल होंगे। अध्यक्षता पार्षद आनंद कुकरेजा करेंगे। चौबे कालोनी में 40 फीट का रावण बनाया गया है। सुंदरनगर में बाल कलाकारों द्वारा 40 फीट का रावण जलाया जाएगा। यहां रात्रि 9 बजे रावण दहन होगा। दलदल सिवनी में 30 फीट का रावण बनाया गया है।
पार्षद मेहतरू धीवर यहां आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहेंगे। बिरगांव में आर्लिंकन आडवानी स्कूल परिसर में 30 फीट के रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद का पुतला जलाया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा मुख्यअतिथि के रूप में आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष डा. ओमप्रकाश देवांगन करेंगे। प्रदेश कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ आयुर्वेदिक कालेज मैदान में शाम 7 बजे रावण दहन और आतिशबाजी करेगा। प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शिवनारायण द्विवेदी मौजूद रहेंगे। छत्तीसगढ़ नगर में मोहल्ला विकास समिति की ओर से 25 फीट का रावण तैयार किया गया है। इसके दहन अवसर पर राजस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। देवपुरी में बाल समाज रामलीला मंडली की ओर से 30 फीट का रावण जलाया जाएगा।
रावण दहन को लेकर बिरगांव पालिका अध्यक्ष पर जुर्म
रायपुर. बिरगांव में पहली बार आयोजित किया जा रहा दशहरा कार्यक्रम विवाद में पड़ता नजर आ रहा है। ओम श्री सांई दुर्गोत्सव और दशहरा आयोजन समिति के अध्यक्ष और बिरगांव पालिका अध्यक्ष डा. ओम प्रकाश देवांगन के खिलाफ आर्लिकन आडवानी स्कूल प्रबंधन ने बगैर इजाजत स्कूल परिसर में दशहरा का आयोजन करने को लेकर रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। डा. देवांगन के खिलाफ 107, 16 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया।
शाम 4 बजे मिले सम्मन के बाद श्री देवांगन ने अपनी जमानत करवाई। गौरतलब है कि बिरगांव में पहली बार दशहरा का आयोजन किया जा रहा है। पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश देवांगन ने शाला विकास समिति को पत्र लिखकर वहां दशहरा आयोजित करने की अनुमति मांगी थी। इसके साथ ही स्कूल परिसर में दशहरा आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई थी। शाला विकास समिति ने पालिका अध्यक्ष के आवेदन को खारिज करते हुए खमतराई थाने में आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। खमतराई पुलिस ने उनके खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया।
गिरफ्तारी देकर भी आयोजन: पालिका अध्यक्ष डा. देवांगन ने बताया कि शाला विकास समिति में शामिल भाजपाई पार्षद पीएस साव द्वारा राजनीति करने के कारण उन्हें स्कूल परिसर में दशहरा आयोजन की इजाजत नहीं मिली। पार्षद के कृत्यों की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर आयोजित हो रहे धार्मिक कार्यक्रम को राजनीति से दूर रखना चाहिए। उन्होनें कहा कि वे गिरफ्तारी देकर भी रावण दहन उसी जगह पर करेंगे। कल पालिका क्षेत्र की जनता की उपस्थिति बताएगी कि आयोजन सही है या गलत।