News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ समझौते के लिए एनसीपी की ओर से अंतिम प्रयास किया जा रहा है। एनसीपी ने ऐलान कर दिया है कि कांग्रेस से समझौता नहीं हुआ तो प्रदेश में 35 से 40 सीटों पर वह अपने प्रत्याशी उतारेगी।
एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष नोबेल कुमार वर्मा ने कहा कि एनसीपी कांग्रेस के बागी लोगों को टिकट देगी। कांग्रेस का टिकट चाहने वाले नेताओं को पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो उनके लिए एनसीपी के द्वार खुले हैं। पिछले चुनाव में भी श्री वर्मा ने पहले कांग्रेस से ही टिकट मांगा था लेकिन पार्टी ने टिकट नहीं दिया।
उसके बाद श्री वर्मा ने एनसीपी का दामन थाम लिया। श्री वर्मा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस से समझौते के लिए बातचीत करने वे नईदिल्ली जा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस के तीनों अध्यक्षों से बातचीत हो चुकी है। नईदिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ एनसीपी के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर, प्रफुल्ल पटेल और तारिक अनवर की बात हो चुकी है। कांग्रेस से समझौते की स्थिति में एनसीपी उसका पालन करेगी अन्यथा एनसीपी अपने स्तर पर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी। इसके लिए एनसीपी ने अपनी ओर से तैयारी भी शुरू कर दी है।
राज्य के 15 विधानसभा क्षेत्रों में एनसीपी के संभावित प्रत्याशियों को तैयारी करने के लिए कह दिया गया है। चंद्रपुर, मनेंद्रगढ़, बसना, राजिम, खुज्जी, रायपुर उत्तर, रायपुर पश्चिम, बिंद्रानवागढ़, सामरी, लुंड्रा, मुंगेली, तखतपुर, दुर्ग ग्रामीण में प्रत्याशियों ने वाल राइटिंग और अन्य कार्य प्रारंभ कर दिया है।