News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. श्री जोगी ने बुधवार की रात अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में साफ कहा कि उनके पास भी इस तरह की कई सीडी है लेकिन वे ऐसी घटिया राजनीति नहीं करते।
इस स्तर पर जाकर राजनीति करना वे पसंद नहीं करते। श्री जोगी ने कहा कि न्यायपालिका ने इस पर संज्ञान ले लिया है। विधि विशेषज्ञों के अनुसार यह निश्चित रूप से न्यायपालिका की अवमानना है। इसलिए अब न्याय पालिका को ही फैसला करना है। उन्होंने सीडी की राज्य शासन द्वारा जांच कराए जाने को अच्छा कदम बताया।
उनसे पूछा गया कि सीडी सार्वजनिक किए जाने के पीछे क्या कांग्रेस के ही नेताओं की साजिश है? उन्होंने जवाब दिया हर सीडी के पीछे साजिश तो होती ही है, फिर भी हम क्यों कुछ कहें। श्री जोगी ने स्टिंग आपरेशन के संबंध में कहा कि देश में स्टिंग आपरेशन गलत नहीं हैं लेकिन इसके लिए एक निश्चित मापदंड अवश्य होना चाहिए। दूसरे देशों की तरह यहां भी नियम कानून बनाया जाना चाहिए। लोकसभा में इस पर गंभीरतापूर्वक विचार हो रहा है।
कांग्रेस के टिकट वितरण के संबंध में श्री जोगी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं में एकता है। सभी चाहते हैं कि जीत सकने वाले नेता को ही उम्मीदवार बनाया जाए। उन्होंने नेताओं में मतभेद से इनकार किया। प्रत्याशी घोषित किए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि इस बारे में सोनिया गांधी ही फैसला करेंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टिकट बंटवारे के संबंध में एंटोनी कमेटी की सिफारिशों के बारे लोगों को सही ढंग से नहीं पता। इस कारण अपने-अपने ढंग से अर्थ निकालते रहते हैं।
समर्थकों का गुस्सा फूटा
श्री जोगी के स्वागत को पहुंचे समर्थक सीडी कांड को लेकर अपना गुस्सा नहीं रोक पाए। विमानतल और फिर सागौन बंगले में सीडी पेश करने वालों के खिलाफ नारे लगते रहे।
विधायक कम, टिकट के दावेदार ज्यादा
विमानतल पर श्री जोगी का जोरदार स्वागत हुआ। समर्थक ढोल बाजे लेकर पहुंचे थे। सैकड़ों की भीड़ में नए चेहरे ज्यादा थे। विधायक गिनती के ही दिखे। भीड़ में लोग बायोडाटा लेकर आए थे। टिकट मांगने वालों के समर्थन में नारेबाजी भी होती रही।
रमन के खिलाफ लड़ने की इजाजत मांगी
श्री जोगी ने डा. रमन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने पार्टी हाईकमान सोनिया गांधी को पत्र लिखकर इजाजत मांगी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी इच्छा का पार्टी अध्यक्ष ध्यान रखेंगी। श्री जोगी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सिंह से मुकाबला करने की दिली इच्छा है। सलवा जुडूम पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की ताजा रिपोर्ट के बारे में उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की और कहा कि रिपोर्ट पढ़ने के बाद ही कुछ कहना संभव होगा। श्री जोगी ने कहा कि आयोग की रिपोर्ट 1200 पेज की है, जिसका अध्ययन करेंगे।