bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

भाजपा प्रत्याशियों का ऐलान दिल्ली में होगा

रायपुर. भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के दिनभर की कवायद के बावजूद भाजपा प्रत्याशियों की 11 अक्टूबर को रायपुर में घोषणा नहीं हो पाएगी। सिंगल नाम वाले विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों का ऐलान नईदिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की अनुशंसा के बाद किया जाएगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने बताया कि श्री सिंह प्रदेश के नेताओं से चर्चा के बाद भी यहां अपना कोई निर्णय नहीं देंगे। प्रदेश चुनाव समिति से भेजे जाने वाले पैनल पर केंद्रीय चुनाव समिति में चर्चा की जाएगी। फिलहाल केंद्रीय समिति की बैठक की तिथि तय नहीं की गई है। इस बारे में प्रदेश के नेताओं को बाद में सूचना भेजी जाएगी।

भाजपा अध्यक्ष श्री सिंह 11 अक्टूबर को वरिष्ठ नेताओं की अलग-अलग बैठकें लेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री सिंह प्रदेश भाजपा के कोरग्रुप के नेताओं और प्रदेश चुनाव समिति के सदस्यों से अलग-अलग चर्चा करेंगे। इसके अलावा श्री सिंह के साथ बैठक के लिए प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों, मंत्रियों, विधायकों, सांसदों, जिला पंचायत अध्यक्षों, नगर निगमों के महापौर और नगर पालिका अध्यक्षों को भी बुलाया गया है।

संकेत हैं कि श्री सिंह सभी के साथ पहले एक कामन मीटिंग लेंगे, उसके बाद प्रमुख पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। वैसे मंत्रियों के साथ भी उनकी अलग बैठक होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इस बीच प्रदेश के सभी जिलों में भेजे गए पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट प्रदेश भाजपा को मिलनी शुरू हो गई है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के अलावा प्रदेश भाजपा ने भी अपनी ओर से संभावित दावेदारों की सूची तैयार की है। प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह ने हर विधानसभा क्षेत्र के बारे में अपनी अलग रिपोर्ट तैयार की है।

रमन अपनी सीट खुद चुनेंगे
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह भले ही यह कहते रहे हैं कि उनके चुनाव लड़ने का फैसला संगठन करेगा लेकिन पार्टी सूत्रों का दावा है कि पार्टी ने इस मामले में डा. सिंह को फ्रीहैंड दे दिया है। वे चाहें तो कवर्धा से चुनाव लड़ें या फिर राजनांदगांव से। मुख्यमंत्री का राजनांदगांव और कवर्धा के अलावा डोंगरगांव से भी है।

तीनों स्थानों पर पर्यवेक्षकों को दूसरा कोई और नाम नहीं मिला है। इसलिए पार्टी ने डा. सिंह पर ही फैसला छोड़ दिया है। कहा जा रहा है कि डा. सिंह अपनी भावना से केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्यों को अवगत करा देंगे। उसके बाद ही उनके नाम का ऐलान किया जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: