News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. त्योहारी सीजन की वजह से राज्य में गैस सिलेंडरों की खपत में खासा इजाफा हुआ है। इसकी तुलना में सप्लाई नहीं होने से हर रोज करीब 3750 सिलेंडरों का शार्टेज हो रहा है। कंपनी प्रबंधकों का दावा है, हफ्तेभर में स्थिति सुधर जाएगी। सप्लाई बढ़ाई जाएगी।
नवरात्रि, दशहरा-दीपावली में आम दिनों की तुलना में गैस की खपत 20 फीसदी बढ़ी है। सप्लाई नहीं बढ़ाई गई, इसलिए उन लोगों को ज्यादा दिक्कतें हो रही हैं, जिनके पास सिंगल कनेक्शन हैं। बताया जा रहा है कि महीने भर से राज्य में 18250 से ज्यादा सिलेंडरों की मांग बनी हुई है, लेकिन कंपनियों से सप्लाई करीब 14500 सिलेंडरों की हो रही है यानी रोज 3750 से ज्यादा सिलेंडरों की कमी हो रही है। राजधानी में एचपी, बीपी और इंडेन की 1८ एजेंसियां हैं।
घरेलू उपभोक्ताओं की संख्या डेढ़ लाख है। यहां रोजाना करीब 5000 सिलेंडर यानी महीने में डेढ़ लाख सिलेंडरों की जरूरत आम दिनों में होती है। ऐसा बताते हैं, अभी मांग 5800 सिलेंडरों की हो रही है और सप्लाई बढ़ाने की जगह कंपनियों ने 500 सिलेंडरों की सप्लाई कम कर दी है। कहा जा रहा है, व्यावसायिक उपभोक्ताओं की मांग पूरी करने और ठंड के सीजन में स्टाक करने के लिए यह कटौती की गई है। आम दिनों में 21 दिनों में सिलेंडर देने का नियम है, लेकिन अभी सिंगल कनेक्शनधारकों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। हालात यह है, एजेंसियों और गोदामों में खासी भीड़ नजर आ रही है।
राजधानी के बाद सबसे ज्यादा खपत दुर्ग-भिलाई शहर में है। यहां 1.40 लाख उपभोक्ता हैं। आम दिनों में यहां रोजाना 4000 सिलेंडरों की खपत होती है। त्योहारी सीजन में मांग 5000 सिलेंडरों की है। यहां कटौती तो नहीं की गई है, लेकिन खपत बढ़ने से करीब 1000 सिलेंडरों की कमी पड़ रही है।
बिलासपुर की 10 एजेंसियों में 1.15 लाख गैस कनेक्शन हैं। यहां भी संकट बना हुआ है। यहां मांग के विपरीत 900 सिलेंडरों की सप्लाई कम हो रही है। यही हाल कवर्धा, महासमुंद, तिल्दा-नेवरा, भाटापारा, कांकेर, धमतरी और जगदलपुर जैसे शहरों का भी है। तिल्दा और भाटापारा में गैस सिलेंडरों के लिए भारी मारामारी के हालात हैं। रायपुर के गैस हाऊस के संचालक अब्दुल हमीद ने बताया कि त्योहारों की वजह से सप्लाई प्रभावित हुई है। खपत बढ़ गई है, इसलिए लोगों को गैस मिलने में दिक्कतें हो रही हैं।
खपत बढ़ी, इसलिए कटौती
छत्तीसगढ़ एलपीजी डीलर्स एसोसिएशन के सुभाष जायसवाल का कहना है कि कंपनियों ने स्टाक नियंत्रण करने के लिए गैस सिलेंडरों की सप्लाई में कटौती शुरू कर दी है। ऐसा नहीं है कि यह स्थिति लंबे समय तक रहेगी। त्योहारों के अलावा ठंड में भी सप्लाई में वृद्धि की जाएगी। हफ्तेभर के भीतर सप्लाई को खपत जितनी करने की कोशिश की जाएगी।
हफ्तेभर में दूर होगा संकट
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कापरेरेशन (एलपीजी) के सीनियर मैनेजर एमएल जेनेवो ने बताया कि सिलेंडरों की कमी कंपनी से हो रही है, ऐसा नहीं है।
त्योहार में खपत बढ़ गई है, इसलिए लोगों को थोड़ी परेशानी हो रही है, लेकिन अतिरिक्त सिलेंडर मंगवाए जा रहे हैं। कमी जल्द ही खत्म हो जाएगी। इंडियन आयल कापरेरेशन के स्टेट को-आर्डिनेटर श्री कारजगार ने बताया कि राजधानी समेत प्रदेश के तमाम शहरों में जितने कनेक्शन हैं, उतनी सप्लाई भी है। दीपावली की वजह से खपत बढ़ गई है। हर साल की तरह ठंड से पहले सप्लाई बढ़ाई जाती है, इस बार भी ज्यादा सिलेंडर भेजे जाएंगे।
तीनों प्रमुख गैस कंपनियों को कलेक्टर ने पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति के निर्देश दिए हैं। गैस की जितनी खपत है, एजेंसियों को उतने सिलेंडरों की सप्लाई के लिए कहा गया है। कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य निरीक्षकों की टीमें गठित की जा चुकी है।
- जीएस सिकरवार,खाद्य नियंत्रक, रायपुर