News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष ज्योतिष कश्यप ने जांजगीर-चांपा जिले के पांच खरीदी केंद्र के प्रबंधकों को निलंबित कर दिया है। पिछले साल धान खरीदी के दौरान गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद मदनलाल राठौर भोथिया बाराद्वार, कृष्ण कुमार मैत्री झालरौदा सक्ती, गजानंद राव सकरेली सक्ती, गोरे लाल कैवर्त फगुरम डभरा व अश्वनी कुमार साहू पोता मालखरौदा को निलंबित किया गया है।
इन्हें अनियमितता की राशि जमा करने नोटिस भी जारी किया गया है। इनके द्वारा की गई गड़बड़ी की विभागीय जांच करने के आदेश भी दिए गए हैं। श्री कश्यप द्वारा इस तरह के मामलों में 10 संस्था प्रबंधकों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है।
श्री कश्यप ने बताया कि धान खरीदी को लेकर सहकारी समितियों के केंद्रों में तैयारी शुरू हो चुकी है। 20 अक्टूबर से सभी सहकारी समितियों के केंद्रों में धान की खरीदी की जाएगी। इससे पहले 10 से 17 अक्टूबर तक धान खरीदी का ट्रायल होगा।
बिलासपुर जिले के 152, जांजगीर-चांपा के 150, कोरबा के 33 व पंडरिया ब्लाक के 33 धान खरीदी समितियों द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। समर्थन मूल्य में धान खरीदी के दौरान किसानों को होने वाली परेशानी से बचाने के लिए निगरानी समितियों का गठन किया जा रहा है।
समितियों द्वारा इस बात का खासतौर पर खयाल रखा जाएगा कि धान बेचने के बाद किसानों को समय पर चेक मिल जाए और खरीदी के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न हो। बैंक अध्यक्ष ने बताया कि पंजीयक सहकारी संस्थाएं से स्वीकृत 91 लिपिक व 78 संस्था प्रबंधकों के पद में भर्ती करने मेरिट के आधार पर आवेदकों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। इसी तरह 29 कनिष्ठ लिपिक व 36 संस्था प्रबंधक के पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी और मेरिट के आधार पर भर्ती की जाएगी।