News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. शहर से लगे ग्राम घुटकू में एक खेत की जमीन 12 फीट धसकने से सनसनी फैल गई। ग्रामीण इसे दैवीय चमत्कार मानकर दिनभर यहां पूजा-पाठ करते रहे।
घटना की जानकारी सुबह 7 बजे उस समय हुई जब एक खेत में काम कर रहा मजदूर दसरू पास ही स्थित बहोरिक पटेल के खेत की ओर लघुशंका के लिए गया। वहां लगभग 5 फीट चौड़ा और 7-8 फीट गहरा गड्ढा देखकर वह हैरत में पड़ गया। इसकी जानकारी उसने खेत के मालिक व अन्य ग्रामीणों को दी और यह खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
इधर जमीन धसकने का सिलसिला जारी रहा और दोपहर तक गड्ढा लगभग 10 फीट लंबा-चौड़ा हो गया और उसकी गहराई तकरीबन 12 फीट हो गई । नवरात्रि का अंतिम दिन होने की वजह से लोगों ने इसे दैवीय चमत्कार मान कर यहां पूजा-पाठ शुरू कर दिया। इसकी खबर नीरतू, लोफंदी, सिंगारबारी सहित आसपास के गांवों में होने पर वहां से भी ग्रामीण यहां नारियल,अगरबत्ती लेकर पहुंचने लगे। देर शाम तक खेत में लोगों की भीड़ लगी रही।
क्या हो सकता है कारण?
भूगर्भशास्त्रियों का कहना है कि घुटकू अरपा नदी के तट पर बसा हुआ है और वहां की मिट्टी रेतीली है। जिस खेत में यह घटना हुई, वह भी नदी से काफी करीब है। जमीन की आंतरिक हलचल की वजह से कभी-कभी ऐसा होता है। संभव है कि पानी भरने की वजह से ऐसा हुआ हो। हालांकि किसी भी भूगर्भशास्त्री ने बगैर घटनास्थल जाए इसका स्पष्ट कारण बता पाने में असमर्थता जाहिर कर दी।
प्रशासन बेखबर
बुधवार को दिनभर घुटकू गांव में सैकड़ों ग्रामीणों की गहमागहमी बनी रही लेकिन इससे प्रशासन बेखबर रहा। न तो यहां राजस्व विभाग का कोई अफसर पहुंचा और न ही भूगर्भ शास्त्री ही पहुंचे जिससे इस घटना के रहस्य से अब तक पर्दा नहीं हट सका है।