News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. राज्य शासन के कर्मचारियों को एरियर्स का भुगतान दीवाली पूर्व नहीं होने के बाद भी करीब एक अरब की राशि दीवाली पूर्व आ रही है। इनमें कहीं बोनस और एरियर्स बंट चुका है और कहीं बंटने की तैयारी है।
एसईसीएल में कर्मचारियों को करीब 70 करोड़ रुपए का बोनस बांटा जा चुका है। एसईसीएल के करीब 83 हजार कर्मचारियों को प्रति कर्मचारी के हिसाब से 8,300 रुपए बोनस बांटा जा चुका है। विद्युत मंडल बोर्ड के कर्मचारियों को 32 माह के एरियर्स की राशि उनके मूल वेतन के साथ दी जा चुकी है।
दशहरा पूर्व ही मिला एसईसीएल से बोनस का तोहफा
निजी उद्यमों में एसईसीएल ने अपने कर्मचारियों की जरूरतों का खयाल रख दशहरा के पूर्व ही उनके मूल वेतन के साथ बोनस का तोहफा दे दिया है, जबकि एनटीपीसी में एक्सग्रेसिया और इंसेटिव की प्रक्रिया दशहरा के बाद जारी होने की उम्मीद की जा रही है। जनसंपर्क अधिकारी रविन्द्रन के अनुसार एनटीपीसी में 700 से भी अधिक
कर्मचारी है जिन्हें गत वर्ष 8000 से 24000 की राशि प्रति कर्मचारी-अधिकारी के हिसाब से दी गई थी।
हालांकि तय है कि यह राशि आंशिक रूप से ही सही गत वर्ष से बढ़कर मिलेगी। इस लिहाज से दीवाली पूर्व एनटीपीसी कर्मचारी और अधिकारियों को करीब एक करोड़ से भी अधिक की राशि एक्सग्रेसिया और इंसेटिव के रूप में मिलने की उम्मीद की जा रही है।
विद्युत मंडल कर्मचारियों को वेतन के साथ मिला एरियर्स
विद्युत मंडल बोर्ड के कर्मचारियों को भले ही अभी बोनस मिलने का इंतजार है, लेकिन उन्हें वेतन के साथ 32 माह की एरियर्स राशि का भुगतान मिल चुका है।
विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन के महासचिव सीके खांडे के अनुसार बिलासपुर क्षेत्र के विद्युत कर्मचारियों को 17 करोड़ की एरियर्स राशि का भुगतान किया जा चुका है। यह राशि भुगतान की 75 प्रतिशत राशि ही है, शेष 25 प्रतिशत राशि का भुगतान बाद में किया जाएगा। बिलासपुर क्षेत्र अंतर्गत करीब 17000 कर्मचारी हैं। बोनस के संबंध में कार्यालय मुख्य यंत्री जेएल बिजौरा बताते हैं कि वर्तमान में बोनस के संबंध में कोई स्पष्ट निर्देश नहीं मिले हैं। गत वर्ष प्रति कर्मचारी को 4000 रुपए की राशि मिली थी,इस बार इस राशि में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है और उन्हें दीवाली पूर्व बोनस का तोहफा मिल सकता है।
राज्य शासन के कर्मचारी को सिर्फ 20 प्रतिशत अंतरिम राहत
दीवाली और दशहरा के मौके पर सौगातों में सबसे कम हिस्सा राज्य शासन के कर्मचारियों के हाथ आया है। शासन द्वारा छठवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने के बाद एरियर्स राशि दिए जाने के संबंध में स्पष्ट निर्देश नहीं दिए गए हैं। कलेक्टर सुबोध कुमार सिंह के अनुसार कर्मचारियों को वर्तमान में 20 प्रतिशत अंतरिम राहत की राशि ही दी जाएगी।
रेलवे ने दिया एरियर्स, अब बोनस का इंतजार
रेल मंडल के करीब 9000 कर्मचारियों को छठवें वेतन आयोग एरियर्स राशि की 40 प्रतिशत राशि का भुगतान किया जा चुका है। जनसंपर्क अधिकारी रजत बसाक के अनुसार कर्मचारियों को उनके मूल वेतन में जोडकऱ राशि दी जा चुकी है और बोनस देने के लिए रेल्वे में प्रक्रिया जारी है। बोनस के संबंध में हालांकि अभी तक कोई स्पष्ट निर्देश नहीं है, फिर भी संभावना है कि प्रति कर्मचारी को 8,300 रुपए का बोनस दिया जाएगा।