हैदराबाद. इंडियन क्रिकेट लीग के शुक्रवार से शुरु हो रही दूसरी ‘आईसीएल टी-20 चैंपियनशिप’ में 13.72 करोड़ रुपए की इनामी राशि दांव पर होगी। इस चैंपियनशिप की विजेता टीम को दो करोड़ और उपविजेता को एक करोड़ रुपए पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।
सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 50-50 लाख रुपए दिए जाएंगे। यही नहीं, लीग दौर में भी एक मैच जीतने पर टीम को 25 लाख रुपए मिलेंगे। ‘मैन ऑफ द मैच’ को दो लाख रुपए जबकि मैन ऑफ द सीरीज चुने गए खिलाड़ी को 40 लाख रुपए दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि आईसीएल टी20 चैंपियनशिप के दूसरे सत्र में कुल 41 मैच हैदराबाद, पंचकूला, गुड़गांव और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। नई बनी ‘ढाका वॉरियर्स’ सहित इस चैंपियनशिप में कुल नौ टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहला मैच हैदराबाद हीरोज और लाहौर बादशाह के बीच हैदाराबद के लाल बहादुर स्टेडियम में खेला जाएगा।
पेशेवर खिलाड़ी के लिए पैसा महत्वपूर्ण
पुरस्कारों की घोषणा करते हुए आईसीएल कार्यकारी बोर्ड के सदस्य किरण मोरे ने कहा, ‘पेशेवर खिलाड़ी के लिए पैसा काफी महत्वपूर्ण है और खिलाड़ियों के लिए पुरस्कारों की घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह राशि खिलाड़ियों को टीम के लिए अपना शत-प्रतिशत देने के लिए प्रेरित करेगी।’