भोपाल. राज्य मंत्रिमंडल ने सहकारिता विभाग और आदिम जाति कल्याण विभाग के लिए लगभग दो हजार नए पद कायम करने की मंजूरी दे दी है।
कैबिनेट में बुधवार को लिए गए निर्णय के अनुसार, नवगठित नर्मदापुरम और शहडोल संभाग के साथ नए जिलों अलीराजपुर तथा सिंगरौली में सहकारिता विभाग के कार्यालयों के लिए 52 नए पद कायम किए गए हैं।
इसके अलावा आदिम जाति कल्याण विभाग के तहत प्रदेश के 89 आदिवासी विकासखंडों के 178 मिडिल स्कूलों को हाईस्कूल में तब्दील करने की इजाजत दे दी गई है, जिनके लिए 1602 नए पदों का सृजन किया गया है। इसी तरह 32 अन्य मिडिल स्कूलों को हाईस्कूल में उन्नत कर इनके लिए 224 नए पद कायम किए गए हैं। पांच आश्रमों और दस नए प्री-मैट्रिक छात्रावासों के लिए 50 पद सृजित किए गए हैं।
अधिकृत जानकारी के अनुसार 178 मिडिल स्कूलों को हाईस्कूल में तब्दील करने के बाद इनके लिए 178 प्राचार्य, 1068 पद संविदा शाला वर्ग-2 और 178 पद संविदा शाला वर्ग-3 के कायम किए गए हैं। इनके अलावा 178 पद निम्नश्रेणी लिपिक के और अन्य भृत्य और चौकीदार के पद भी होंगे।
32 अन्य मिडिल स्कूलों को हाईस्कूल में बदलने के बाद इनके लिए 225 नए पद होंगे। सहकारिता विभाग के संभागस्तर पर गठित संयुक्त आयुक्त सहपंजीयक कार्यालयों के लिए संयुक्त पंजीयक से लेकर लिपिक तक के पद होंगे। नए जिलों में उपपंजीयक से लेकर लिपिक तक के पद कायम किए गए हैं।