भोपाल. बसपा के संस्थापक कांशीराम की गुरुवार को दूसरी पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के पार्टी नेताओं ने पार्टी सुप्रीमो और उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती को देश का प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
पार्टी की जिला इकाई द्वारा गांधी भवन में आयोजित विचार गोष्ठी में मुख्य अतिथि और पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजाराम ने कहा, कांशीराम के अधूरे कारवां को मंजिल तक पहुंचाने के लिए पार्टी के जांबाज सिपाही तैयार हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजाराम ने कहा, कांशीराम ने बसपा को 11 साल में देश की राष्ट्रीय पार्टी बना दी और आज यह देश के सबसे बड़े प्रदेश यूपी में राज कर रही है। उन्होंने कहा, महापुरुषों को शब्दों की परिधि में बांधना संभव नहीं है।
प्रतिज्ञाओं को निभाया
बसपा संस्थापक कांशीराम की जीवन-यात्रा को रेखांकित करते हुए राजाराम ने कहा, कांशीराम का सपना था कि दलित वर्ग केंद्र के साथ-साथ राज्यों में भी राज करे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1964 में कांशीराम ने अपनी मां को 24 पेज का पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने शादी नहीें करने, विवाह, मृत्यु कार्यक्रमों से दूरी रखने और व्यक्तिगत सम्पत्ति नहीं बनाने की बात कही थी। इन प्रतिज्ञाओं को कांशीराम ने जीवनपर्यन्त निभाया।
पार्टी की जमीन तैयार की
राजाराम ने कहा कि दलित समाज में क्रांति लाने के साथ ही राजनीतिक जागरूकता लाने में भी सफल रहे। सबसे पहले कांशीराम ने मध्यप्रदेश से चुनाव लड़ा था और राज्य में पार्टी की जमीन तैयार करने के लिए सबसे ज्यादा समय दिया।
ये भी रहे मौजूद
कार्यक्रम की शुरुआत में राजाराम ने कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण किया। इससे पहले प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक सुभाषचंद्र त्रिपाठी, पार्टी के नवनियुक्त महासचिव उमेश त्रिपाठी, सचिव आईएस मौर्य, पार्टी के भोपाल जिला अध्यक्ष महेन्द्रसिंह चौहान आदि ने कार्यक्रम को संबोधित किया। दक्षिण पश्चिम के उम्मीदवार संजीव सक्सेना एवं नरेला के उम्मीदवार इजहार खान ने भी
प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्ति की गति धीमी
भोपाल. बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पार्टी के मध्यप्रदेश प्रभारी राजाराम ने गुरुवार को प्रदेश के दो पदाधिकारियों की घोषणा की। उमेश त्रिपाठी को पार्टी का प्रदेश महासचिव बनाया गया है। सचिव आईएस मौर्य और भोपाल जिला इकाई का अध्यक्ष महेन्द्र सिंह चौहान को बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री अहिरवार की नियुक्ति होने के बाद से प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्ति करने का सिलसिला जारी है। रवीन्द्र भवन में बसपा के ब्राम्हण उम्मीदवारों के सम्मेलन में भी पार्टी प्रभारी राजाराम ने रामबाबू समाधिया को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों का सम्मेलन भी हो चुका है। कहा जा रहा था कि प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्तियां एक साथ की जाएंगी, लेकिन प्रदेश प्रभारी की ओर से एक-दो नियुक्तियां की जा रही हैं।