इंदौर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी की बात को सही माना जाए तो मध्यप्रदेश की 230 सीटों में से किसी एक सीट का भी टिकट उनके लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न नहीं है। बकौल पचौरी मेरे लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना है ।
बुधवार को इंदौर प्रवास के दौरान भास्कर से विशेष चर्चा में श्री पचौरी ने कहा चाहे वह इंदौर एक से संजय शुक्ला की उम्मीदवारी का मामला हो या फिर इंदौर पांच से शोभा ओझा का मुद्दा, मेरे लिए कांग्रेस की प्रतिष्ठा से बढ़कर कुछ नहीं है। यह कहना गलत है कि मैंने इन दोनों के टिकट को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना रखा है।
राय देने का हक सभी को
श्री पचौरी ने स्पष्ट किया कि टिकट के मामले में नेताओं के बीच विवाद की कोई स्थिति नहीं है। हर सीट के बारे में नेताओं ने राय जरूर दी है लेकिन सभी यह भी चाहते हैं कि जिसमें जीतने की क्षमता है उसे ही टिकट मिले। कांग्रेस के टिकट का एकमात्र मापदंड भी हमने यही रखा है।
सूची जारी होते ही भ्रम दूर हो जाएगा
कांग्रेस में टिकट वितरण के मुद्दे पर नेताओं में मतभेद तथा अजरुनसिंह, दिग्विजयंिसंह तथा अजयसिंह जैसे नेताओं के खुद के खिलाफ लामबंद होने की बात से असहमति जताते हुए श्री पचौरी ने कहा हम सब एक हैं और जब उम्मीदवारों की सूची जारी होगी तब लोगों का यह भ्रम भी दूर हो जाएगा।
कोशिश है फैसला जल्दी हो जाए
कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची के बारे में श्री पचौरी ने कहा की अभी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक की तारीख तय नहीं हुई है। तारीख सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। राज्य चुनाव समिति ने सभी सीटों से बारे में अपनी अनुशंसा स्क्रीनिंग कमेटी को सौंप दी है और वहां भी वर्तमान विधायकों तथा कुछ अन्य सीटों के बारे में निर्णय हो गया है। इस पर अब केंद्रीय चुनाव समिति की स्वीकृति की मोहर लगना है। कोशिश यह है कि यह फैसला जल्दी हो जाए।
मोर्चा संगठन: अवसर मिलना चाहिए
मोर्चा संगठन के अध्यक्षों को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाए जाने के मुद्दे पर श्री पचौरी ने कहा अंतिम निर्णय कांग्रेस अध्यक्ष को लेना है लेकिन मेरा मानना है कि इन लोगों को अवसर मिलना चाहिए।
कांग्रेस की सरकार बनना तय
श्री पचौरी ने कहा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। भाजपा के प्रति जनता में आक्रोश है। इस सरकार ने जनता के साथ वादाखिलाफी नहीं बल्कि धोखाधड़ी की है जिसका नतीजा उसे भुगतना पड़ेगा। बिजली, सड़क तथा पानी के मामले में इसकी विफलता किसी से छुपी नहीं है।
तब ऐसा नहीं होगा
प्रदेश में कांग्रेस के सरकार बनने के बाद यही गलतियां फिर नहीं दोहराए जाने के मुद्दे पर श्री पचौरी ने कहा जब हम इन्हें मुद्दा मान रहे हैं तो इन्हें मुद्दा न रहने देने के लिए किसी कार्ययोजना के साथ ही जनता के बीच जाएंगे। जनता को यह भरोसा है कि यदि कांग्रेस कुछ कहती है तो उसे पूरा जरूर करती है।