bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

चार हादसों में 11 लोगों की मौत

भितरवार(ग्वालियर). भितरवार क्षेत्र के सांसन गांव में गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे खदान की मिट्टी धसकने से उसमें दबकर एक बालक व पांच बालिकाओं की मौत हो गई, जबकि एक बालिका घायल हो गई। घटना गांव के सरकारी स्कूल के पास हुई। बच्चे घर लीपने के लिए मिट्टी लेने गए थे।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार सांसन निवासी जितेन्द्र (12), प्रीति (10), रानी (14), सपना (13), पूजा (10), बिन्नो (12) व लाड़ोबाई (14) घर लीपने के लिए स्कूल के पास खदान पर मिट्टी लेने के लिए गई थीं। जब बच्चे मिट्टी खोद रहे थे तभी खदान धसक गई और वे मिट्टी के नीचे दब गए।

खदान के पास ही ट्रैक्टर धो रहे गांव के सुरेश कोरी घटना की सूचना परिजनों को दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने तुरंत हिटैची मशीन मंगवाई और मिट्टी को हटवाया, लेकिन तब तक जितेन्द्र, प्रीति, रानी, सपना, पूजा, बिन्नो की मौत हो चुकी थी। केवल लाड़ोबाई की ही सांसें चल रही थीं। उसे गंभीर हालत में भितरवार अस्पताल उपचार के लिए ले जाया गया। बच्चों को शवों को शाम को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया।

शोक में डूबा सांसन गांव
छह बच्चों के अचानक कालकवलित होने से पूरा गांव शोक में डूब गया। गांव के हर व्यक्ति की आंखों में आंसू थे। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान चार डूबे

बड़वानी/सेंधवा. बड़वानी से ५ किमी दूर नर्मदा स्थित राजघाट पर गुरुवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। राजघाट पर नौमी को देवी प्रतिमा विसर्जित करने का दौर चल रहा था।

इस दौरान भीलखेड़ा बसाहट के कुछ लोग प्रतिमा लेकर पहुंचे। दोपहर करीब १ बजे कैलाश पिता शोभाराम भिलाला (३४) व मनोज पिता जगदीश नाथ (२२) मूर्ति विसर्जन के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे, उन्हें तैरना नहीं आता था। साथ आए लोगों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया। बाद में दोनों को मृत अवस्था में निकाला गया। उधर सेंधवा विकासखंड के मोरदड़ के पास मोहलिया पानी तालाब में माता की प्रतिमा विसर्जित करने गए राजू पिता रिछा (२५) और लालू पिता रामा (२६) निवासी चीकली (दोनों काका-भतीजा) की दोपहर तीन बजे डूबने से मौत हो गई है।

बालिका नर्मदा में डूबी: धार जिले के धरमपुरी में नर्मदा नदी में डूबने से गुरुवार को एक बालिका की मृत्यु हो गई। तीन बच्चे नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गए। इनमें से १३ वर्षीय कुमारी तनवीर की मृत्यु हो गई। इस दौरान लोगों ने अंजुम (सात) और जाफर (छह) को बचा लिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: