bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

भोपाल का डकैत गिरोह फंसा

रायपुर. कबीरनगर में बुधवार की रात भोपाल के आधा दर्जन हथियारबंद डकैत पुलिस के हत्थे चढ़ गए। गिरोह इंडिका कार में सवार था और पाश कालोनी के किसी मकान में डाके की योजना बना रहा था। गश्त में निकली पुलिस को उनकी गतिविधियों पर शक हुआ। संदेह के आधार पर अफसरों ने पूछताछ के लिए रोका। खाकी वर्दी देखकर डकैत घबरा गए और पोल खुल गई।

गिरोह के सभी सदस्य भोपाल रहनेवाले हैं। पकड़े गए युवकों के नाम इमरान अहमद (25), सलमान उर्फ समीर (23), रिजवान हुसैन (21), हमीद अली (38), मेहंदी अली (25) और मोहम्मद आसिफ (22) बताए गए हैं। युवकों को गुरुवार की शाम जेल दाखिल कर दिया गया।

अफसरों ने बताया कि युवकों से कड़ी पूछताछ की गई है। इसके बावजूद फिलहाल पुलिस को ज्यादा जानकारियां नहीं मिल पाई हैं। सिर्फ यही संकेत मिले हैं कि बदमाशों का यह गिरोह पूरे देश में घूम-घूमकर वारदातों को अंजाम देता है।

अफसरों ने बताया कि राजधानी में यह गिरोह पिछले कुछ दिन से डेरा डाले हुए था। इस दौरान कुछ चुनी हुई पाश कालोनियों का मुआयना कर लिया गया था। कालोनी में घूमते समय किसी को शक न हो, इसलिए उन्होंने फेरी वाले का भेस धरा था। हाथों में चश्मा और कटपीस लेकर बदमाश कालोनी कालोनी घूमते थे। उनका मकसद ऐसी सेफ कालोनी और मकान तलाश करना था, जहां वे आसानी से अपनी योजना को अंजाम दे सकें।

पुलिस को अंदेशा है कि इस गिरोह का मास्टर माइंड फरार है। वह मध्यप्रदेश किसी जिले से गैंग को आपरेट कर रहा है। पकड़े गए युवकों से सरगना के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस ने डकैतों से इंडिका और मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों गाड़ियों के कागजात नहीं हैं और ऐसी आशंका है कि ये चोरी की हो सकती हैं। पुलिस इसका पता लगा रही है। बदमाशों से जब्त कट्टे और कारतूस का भी परीक्षण किया जा रहा है।

ऐसे फंसा गिरोह
पुलिस को तीन-चार दिन से सूचना थी कि इलाके में कुछ संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। डाके के अंदेशे से पुलिस ने गश्त बढ़ा दी थी। बुधवार को रात 2.30 बजे पुलिस के गश्ती दल ने एक इंडिका अंधेरे में खड़ी देखी। मोटरसाइकिल भी वहीं थी। कार में चार युवक बैठे थे। दो बाहर खड़े किसी का इंतजार कर रहे थे। पुलिस को देखकर बदमाश हड़बड़ा गए। गश्ती दल ने भी गड़बड़ी भांप ली। बदमाश कुछ समझ पाते, इसके पहले ही पुलिस की टीम ने उन्हें घेर लिया। युवक अपने बारे में गोलमोल बातें बताने लगे तो पुलिस को शक हुआ। थाने ले जाकर उनसे पूछताछ की गई। जब गाड़ी की जांच की गई और उसमें से कट्टा, तलवार और खुखरी निकल गई, तब हकीकत सामने आई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: