News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह 11 अक्टूबर को रायपुर प्रवास के दौरान संगठन के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। बैठक के लिए प्रदेशभर से पार्टी के करीब 300 पदाधिकारियों को बुलाया गया है। इनमें सांसद, विधायक, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, कोरग्रुप के सदस्य, मोर्चा प्रकोष्ठ के प्रमुख, जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला इकाई के अध्यक्ष व महामंत्री शामिल हैं।
श्री सिंह सुबह 11 बजे से शाम तक बैठक लेंगे। वे पदाधिकारियों को चुनाव की आगे की रणनीति बताएंगे और तैयारियों के बारे में जानकारी लेंगे। संगठन सूत्रों के मुताबिक प्रत्याशी चयन पर भी चर्चा संभव है। पार्टी ने चुनाव समिति के लिए सभी सीटों की तैयारी कर रखी है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट भी आ चुकी है। भाजपा अध्यक्ष सत्ता व संगठन के प्रमुखों से अलग से चर्चा करेंगे।
श्री सिंह की मंजूरी के बाद ही प्रत्याशियों की सूची चुनाव समिति को भेजी जाएगी। सत्ता में होने के कारण भाजपा में इस बार अपेक्षाकृत दावेदारों की संख्या अधिक है। कुछ मंत्रियों व विधायकों के टिकट काटने की तैयारी है। ऐसी स्थिति में बगावत और भितरघात की भी आशंका है।
बताया गया है कि राजनाथ सिंह इन गंभीर मसलों पर भी पदाधिकारियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाएंगे। कांग्रेस के खिलाफ चुनाव में उठाए जाने वाले मुद्दे बताएंगे। पार्टी ने परमाणु करार का विरोध किया था। करार को लेकर अब पासा पलट गया है। कांग्रेस इसका श्रेय लेने में जुट गई है। भाजपा आंतकवाद, महंगाई, महिला आरक्षण, अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अलावा स्थानीय मुद्दों पर कांग्रेस को घेरने की रणनीति रविवार की बैठक में बनेगी।
सौदान सिंह आए : बैठक की तैयारी राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह की देखरेख में चल रही है। वे यहां आ चुके हैं। पार्टी के चुनाव प्रभारी रविशंकर प्रसाद और प्रदेश प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान भी बैठक में मौजूद रहेंगे।