आगरा.
एक फीट चौड़े और 150 फीट गहरे बोरवेल में गिरे दो वर्षीय सोनू को तमाम प्रयासों के बावजूद 36 घंटे के बाद भी बाहर नहीं निकाला जा सका है। इस बीच बालक के सकुशल होने का अनुमान लगाया जा रहा है, हालांकि अब न तो उसकी आवाज आ रही और न ही उसमें कोई हलचल दिखाई दे रही है।
आगरा जिले के लहरपुरा गांव में हुए इस हादसे के बाद राहत दल को उस वक्त ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ा, जब बोरवेल के सामानंतर गड्ढा खोदना मशीनों के जरिए संभव नहीं रहा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने ही खुदाई शुरू कर दी।
फिलहाल बच्चे के 60 फीट की गहराई पर फंसे होने की सूचना है। साथ ही समीप में खोदा रहा गड्ढा 55 फीट तक खोद लिया गया था। अब इसे पांच फीट और गहरा कर इससे बोरवेल तक एक टनल बनाई जाएगी और सोनू का बाहर निकाला जाएगा। उधर, सरोजिनी नायडू मेडिकल कालेज के चिकित्सक घटना स्थल पर मौजूद हैं।
गौरतलब है कि गुरुवार की सुबह सोनू उस वक्त घर के बाहर खुदे इस बोरवेल में गिर गया था जब वह अपनी बहन पिंकी के साथ कहीं जा रहा था। तभी से उसे बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।