bhaskar Web English
HomeNewsInternational International

फिनलैंड के पूर्व राष्ट्रपति मार्ती को नोबेल शांति पुरस्कार

ओस्लो. nobel फिनलैंड के पूर्व राष्ट्रपति मार्ती अहतिसारी को 2008 के नोबेल शांति पुरस्कार से नवाजा गया है। नार्वे की नोबेल समिति ने शुक्रवार को उनके नाम की घोषणा की।

तीन से अधिक दशकों तक विभिन्न महाद्वीपों के बीच अंतरराष्ट्रीय विवादों को हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने के लिए मार्ती को यह पुरस्कार दिया गया है।

नोबल शांति पुरस्कार के तहत उन्हें 14 लाख डॉलर (करीब साढ़े छह करोड़ रुपए) दिए जाएंगे। उन्हें यह पुरस्कार इस वर्ष दस दिसंबर को स्वीडिश वैज्ञानिक अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि के मौके पर ओस्लो में प्रदान किया जाएगा।

मार्ती अहतिसारी : फिनलैंड के दसवें राष्ट्रपति मार्ती अहतिसारी का जन्म वीपुरी (अब व्योबोर्ग, रूस) में 23 जून 1937 को हुआ था। मूलरूप से अध्यापक मार्ती ने 1960 में लोकसेवक के रूप अपना करियर शुरू किया। बाद में उन्होंने तंजानिया, जांबिया, सोमालिया और मोजांबिक में फिनलैंड के राजदूत (1973-77) के रूप में सेवाएं दीं। वे मार्च 1994 से मार्च 2000 तक देश के राष्ट्रपति रहे। मार्ती फिनलैंड के पहले प्रत्यक्ष निर्वाचित राष्ट्रपति हैं। एक दिसंबर 2000 को अंतरराष्ट्रीय समझ बढ़ाने के लिए उन्हें जे. विलियम फुलब्राइट पुरस्कार प्रदान किया जा चुका है।

अतंरराष्ट्रीय योगदान :
1989-90 : नामीबिया की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण भूमिका।
2005 : अपनी संस्था क्राइसिस मैनेजमेंट इनीशिएटिव (सीएमआई) के साथ इंडोनेशिया के प्रांत ‘आसेह’ में सरकार और विद्रोहियों के बीच विवाद का शांतिपूर्ण हल।
2005-07: सर्बिया-कोसोवो विवाद को हल करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत। 1999 में भी महत्वपूर्ण भूमिका।
2008 : सीएमआई और दूसरी संस्थाओं की मदद से इराक समस्या का शांतिपूर्ण हल ढूंढने का प्रयास।

मदर टेरेसा व दलाई लामा की श्रेणी में
मदर टेरेसा को 1979 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। 1989 में यह पुरस्कार भारत में निर्वासित जीवन बिता रहे तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा को प्रदान किया गया। 2005 में इंटरगवर्नमेंटल पैनल ऑन क्लाइमेट चेंज (आईपीसीएल) की ओर से इसे आरके पचौरी ने ग्रहण किया।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफी अन्नान को 2001 में यह पुरस्कार मिला था। विभिन्न देशों के राष्ट्रपति व पूर्व राष्ट्रपति पहले भी इस पुरस्कार से सम्मानित होते रहे हैं। इनमें जिमी कार्टर, नेलसन मंडेला, मिखाइल गोर्बाचौफ, लेक वालेसा, अनवर सादात, मेनाहेम बेगिन भी शामिल हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: