मुंबई.
‘बंगाल टाइगर’ सौरव गांगुली द्वारा पिछली चयनसमिति पर प्रकट किए गए रोष पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए चयनसमिति के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर ने कहा है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के बाद वे इसका समुचित जवाब देंगे। वेंगसरकर ने कहा, ‘भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के दौरान मैं सौरव को जवाब देना नहीं चाहता।
जवाब देने का यह सही समय नहीं है। इससे टीम का ध्यान भंग हो सकता है। लेकिन, सीरीज के बाद निश्चित रूप से मैं उनको पर्याप्त जवाब दूंगा।’ गौरतलब है कि सौरव ने संन्यास की घोषणा के बाद कहा था कि चयनसमिति उनके साथ अपमानजनक व्यवहार कर रही थी और बार-बार ‘बलि का बकरा’ बनाए जाने के कारण उन्हें संन्यास का फैसला लेना पड़ा। साथ ही, उन्होंने कहा था कि मैं चयनकत्र्ताओं के रहमोकरम पर खेलना नहीं चाहता। वे कभी तो आपको चुन लेते हैं और बिना वजह कभी भी आपको ड्रॉप कर देते हैं।
उठाना चाहिए कड़ा कदम: वेंगसरकर के हवाले से जारी बयान में यह भी कहा गया है कि इस तरह के गैर जिम्मेदाराना बयान के खिलाफ बीसीसीआई को कड़े कदम उठाने चाहिए। वेंगसरकर के अनुसार इस तरह के अनुचित बयानबाजी से टीम के प्रदर्शन और उत्साह पर प्रभाव पड़ सकता है।
बीसीसीआई देख रही है मामले को: चयन के संबंध में सौरव ने बंगाली दैनिक के साथ बातचीत में जो कुछ भी कहा है, उस मामले को बीसीसीआई देख रही है। वेंगसरकर के हवाले से कहा गया है कि सौरव जब तक खेल रहे हैं उन्हें किसी तरह का बयान नहीं देना चाहिए। क्योंकि बिना वजह इससे विवाद की स्थिति पैदा होती है।