भोपाल. यात्रियों को सफर में सुविधाएं देने और प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में अव्वल रखने की दृष्टि से मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम ने अपनी बसों को आरामदायक बनाया है। निगम की बसों में यात्रियों को इसी माह से मिनरल वाटर की बॉटल एवं न्यूज पेपर उपलब्ध कराने की सुविधा ने मूर्त रूप ले लिया है।
मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के एमडी अश्वनी लोहानी ने बताया कि बसों में यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। सफर को आरामदायक बनाने के लिए इसकी सुविधाओं को बढ़ाया गया है। साफ-सफाई रखने पर ज्यादा जोर दिया गया है।
इसके अलावा बसों में बड़े टेलीविजन भी लगाए गए हैं। पर्दो की जहां रोज धुलाई हो रही है, वहीं इनकी क्वालिटी का भी विशेष ख्याल रखा गया है। उन्होंने बताया कि मिनरल वाटर और न्यूज पेपर की सुविधा को यात्रियों ने सराहा है। निगम के इस प्रयास से एक ओर जहां यात्रियों को सुविधा मिलेगी, वहीं निगम की आय भी बढ़ेगी।
नया बस स्टैंड इंदौर में
पर्यटन निगम अपना एक नया बस स्टैंड इंदौर में बनाने जा रहा है। श्री लोहानी ने बताया कि अत्याधुनिक बस स्टैंड टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर (टीआरसी) के नाम से जाना जाएगा। इसेमें निगम का क्षेत्रीय कार्यालय भी होगा। इसके अलावा राजधानी में होटल पलाश के सामने एक शेड का निर्माण किया गया है। यहां पर पांच यात्री मय सामान के बस का इंतजार कर सकते हैं।
ऑनलाइन बुकिंग शुरू
निगम की बसों में अब ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। यात्री वेबसाइट 222.द्वश्चह्यह्लस्रष्.ष्oद्व पर सर्च कर बुकिंग करा सकते हैं। इसी माह से शुरू की गई इस सुविधा
का लाभ करीब 15 लोग रोजाना ले रहे हैं।
बढ़ेंगे फेरे
बसों के फेरे में शीघ्र ही इजाफा होगा। बकौल अश्वनी लोहानी अभी सात फेरे लग रहे हैं। कुछ दिनों बाद यह आठ हो जाएंगे। बड़े शहरों जैसे अहमदाबाद, कोलकाता, दिल्ली, मुंबई, नागपुर एवं हैदराबाद का सफर निगम की बसों में आराम से किया जा सकेगा।
बंद मिली टीवी
निगम की बस में पांच अक्टूबर को यात्रा कर चुके सौरभ बत्रा को बस काफी आरामदायक लगी। उन्हें मिनरल वाटर की बॉटल भी दी गई, लेकिन अखबार की जानकारी नहीं होने के कारण न तो अखबार दिया गया और न ही ऐसी कोई जानकारी चस्पा की गई थी। श्री बत्रा ने बताया कि बस में टीवी तो थी, पर वह भी इंदौर पहुंचने तक बंद रही।