भोपाल. तीन प्रमुख राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की विधानसभाओं के लिए आगामी महीनों में होने वाले चुनावों से पूर्व देश के प्रमुख मीडिया समूह दैनिक भास्कर ने सीधे पाठकों के बीच सर्वेक्षण करवाकर जनता का चुनावी घोषणा-पत्र तैयार करवाया है।
देश में पहली बार किसी भी मीडिया संस्थान ने इस तरह का प्रयास किया है। वैज्ञानिक ढंग से करवाए गए सर्वेक्षण में तीनों ही राज्यों के लोगों से पूछा गया कि इस चुनाव में प्रमुख मुद्दे क्या होंगे और वे किन आधारों पर पार्टी व उम्मीदवार चुनना चाहेंगे।
अपनी तरह के इस अनूठे सर्वेक्षण में एक लाख से ज्यादा लोगों ने भाग लेकर अपने घोषणा-पत्र के मुद्दों को भास्कर के साथ बांटा। सर्वे की झलक 12 अक्टूबर को दैनिक भास्कर में प्रकाशित की जाएगी।