इंदौर. नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची संभवत: 19 अक्टूबर के बाद ही अंतिम रूप ले पाएगी। इस दिन पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी भोपाल में सभा को संबोधित कर चुनाव अभियान का शंखनाद करेंगी। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व का अभी सारा ध्यान इसी सभा पर है।
शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने भोपाल में पार्टी के मोर्चा संगठनों की जिला इकाइयों के पदाधिकारियों की बैठक के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष की सभा के बारे में बताया। पार्टी की तैयारी इस सभा को भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ से भी भव्य रूप देने की है। इसके लिए जिला ही नहीं, विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारी मुकर्रर की जा रही है। सभा में पूरे प्रदेश से कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
आज दिल्ली में होगी स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक
उधर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशंसा पर विचार करने के लिए वीरप्पा मोईली की अध्यक्षता वाली चार सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक शनिवार को दिल्ली में होगी। समिति उन 50 सीटों के उम्मीदवारों के बारे में विचार करेगी जहां विवाद की स्थिति नहीं है। इनमें से करीब 35 सीटें ऐसी हैं जहां अभी कांग्रेस के ही विधायक हैं। इनके अलावा ऐसी 15 सीटों के बारे में भी निर्णय लिया जा सकता है जहां के बारे में पार्टी के सारे बड़े नेताओं मे एकराय है। स्क्रीनिंग कमेटी अपनी अनुशंसा केंद्रीय चुनाव समिति को भेजेगी।
दावेदार व समर्थक दिल्ली रवाना
इंदौर एक से टिकट के दावेदार रामलाल यादव पहले से ही दिल्ली में हैं जबकि संजय शुक्ला शनिवार को पहुंचेंगे। इंदौर पांच से दावेदार पंकज संघवी तो काफी समय से दिल्ली में ही डेरा डाले हुए हैं। इसी क्षेत्र की एक अन्य दावेदार शोभा ओझा शुक्रवार रात भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना हुई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन शुक्र वार रात गए जबकि सज्जनसिंह वर्मा शनिवार को पहुंचेंगे। सूत्रों के मुताबिक शनिवार रविवार की बैठक में इंदौर जिले की चार सीटों के बारे में स्क्रीनिंग कमेटी की अनुशंसा अंतिम रूप ले सकती है।