मुंबई. बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन के 66वें जन्मदिन की खुशियां शनिवार को उस वक्त चिंता में बदल गईं, जब बिग बी को पेट में दर्द की शिकायत के बाद यहां के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें एहतियात के तौर पर आईसीयू में रखा गया।
अमिताभ की तबीयत शुक्रवार देर रात से ही नासाज थी और उन्होंने पेट में दर्द की शिकायत की थी। शनिवार सुबह जब पेट दर्द ज्यादा बढ़ गया तब, उन्हें नानावटी अस्पताल ले जाया गया। पत्नी जया बच्चन, बेटे-बहू अभिषेक-ऐश्वर्या, बेटी श्वेता और सपा नेता अमर सिंह भी उनके साथ थे। बिग बी को उनके पारिवारिक डॉक्टर जयंत बर्वे की निगरानी में भर्ती कराया गया।
नानावटी अस्पताल में सीटी स्केन और एक्स-रे लेने के बाद उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। नानावटी अस्पताल के सूत्रों ने शुरुआत में इसे रूटीन चेक-अप बताया, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद अमिताभ को लीलावती अस्पताल भेज दिया गया। वैसे अस्पताल की ओर से अमिताभ की बीमारी के बारे में तत्काल कुछ नहीं बताया गया है।
प्रशंसकों को नहीं हुआ विश्वास : शनिवार को अमिताभ का जन्मदिन होने के कारण उनके बंगले ‘जलसा’ के बाहर सुबह से ही प्रशंसकों की भारी भीड़ जमा थी। प्रशंसकों को जब बिग बी की तबियत बिगड़ने की खबर मिली तो पहले तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। मगर इसकी पुष्टि होने पर सभी प्रशंसकों ने इस महानायक की सलामती के लिए दुआएं करना शुरू कर दीं।
2005 में भी हुए थे बीमार :
नवंबर 2005 में भी अमिताभ को पेट में दर्द की शिकायत के बाद दिल्ली के एस्कार्ट्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें मुंबई लाकर लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके पेट का ऑपरेशन हुआ। लगभग तीन हफ्ते के आराम के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी।
कुली का वो हादसा : 1982 में फिल्म कुली की शूटिंग के दौरान एक एक्शन सीन में अमिताभ के पेट में टेबल के कोने से चोट लगी थी। तब बिग बी को 22 दिन तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। तभी से अमिताभ मांसपेशियों की कमजोरी की बीमारी ‘माईस्थेनिया ग्रेविस’ से पीड़ित हैं।