जयपुर. भरतपुर जिले के डीग से विधायक दिव्यासिंह को सरकार ने अब मंत्रालयिक एवं अधीनस्थ कर्मचारी चयन बोर्ड का अध्यक्ष बनाया है। दिव्यासिंह ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने मंजूर कर लिया है।
दिव्यासिंह भरतपुर सांसद एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार विश्वेन्द्रसिंह की पत्नी हैं। इससे पहले सरकार ने राज्य लोक सेवा आयोग के सदस्य एच. एल. मीणा को इस बोर्ड का चेयरमैन बनाया था। तकनीकी रूप से राज्य लोक सेवा आयोग के सदस्य द्वारा अन्य दूसरेा लाभ का पद नहीं रखने की बाध्यता के कारण मीणा से अध्यक्ष पद अस्वीकार करने के लिए कहा गया।
इस पर मीणा ने अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक कर्मचारी चयन बोर्ड का अध्यक्ष पद लेने से मना कर दिया था। दिव्यासिंह शाम करीब साढ़े छह बजे अपने पति के साथ विधानसभा अध्यक्ष सुमित्रासिंह के निवास पर गई और उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा।
इस्तीफे में उन्होंने कोई स्पष्ट कारण नहीं लिखा है। यहां तक कि गुर्जर आंदोलन के दौरान दिए गए इस्तीफे का भी इसमें जिक्र तक नहीं किया गया है। उल्लेखनीय है कि गुर्जर आंदोलन के दौरान भी दिव्यासिंह ने यह कहते हुए विधानसभा अध्यक्ष को इस्तीफा भेजा था कि वे गुर्जर समुदाय के साथ हैं। इसके बाद वे इस्तीफा मंजूर कराने के लिए कभी विधानसभा अध्यक्ष के सामने पेश नहीं हुई।