bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सियासत के मेले में होंगी कलाबाजियां

रायपुर. विधानसभा चुनाव और राजनैतिक नजरिए से छत्तीसगढ़ के लिए शनिवार का दिन खासा महत्वपूर्ण हो सकता है। राज्य के दोनों प्रमुख दलों, भाजपा और कांग्रेस में प्रत्याशी चयन की कवायद चरम पर होगी। भाजपाई रायपुर में मशक्कत करेंगे तो कांग्रेसी सारा दिन दिल्ली में जूझेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह प्रदेश भाजपा की चुनाव समिति और पदाधिकारियों की बैठक लेने शनिवार को रायपुर आएंगे। वे दिनभर बैठकों में व्यस्त रहेंगे। उनसे मुलाकात के लिए विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को रायपुर बुलाया गया है।

श्री सिंह के साथ प्रदेश के चुनाव प्रभारी रविशंकर प्रसाद और प्रदेश प्रभारी धर्म्ेद्र प्रधान मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय सह मंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय और प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह उनके साथ होंगे। बैठक में ऐसे भाजपा प्रत्याशियों के नाम फाइनल होने की पूरी संभावना है, जिन्हें पार्टी जीतने वाले मान रही है। हालांकि इन नामों पर जब तक भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति मुहर नहीं लगाएगी, उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की जाएगी।

इधर, कांग्रेस की महत्वपूर्ण स्क्रीनिंग कमेटी की शनिवार को नई दिल्ली में अंतिम बैठक होनी है। इस बैठक में अधिकांश नाम फाइनल कर लिए जाएंगे। यही सूची सीईसी (केंद्रीय चुनाव समिति) को भेजी जाएगी, जहां उम्मीदवारी का आखिरी फैसला होगा। कल की बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस के तीनों अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, मोतीलाल वोरा समेत अन्य प्रमुख नेता दिल्ली रवाना हो गए। नेताओं के साथ टिकटार्थियों की भीड़ भी नईदिल्ली गई है।

केन्द्रीय चुनाव समिति की पहली बैठक सत्रह अक्टूबर को होगी। इसके पहले मध्यप्रदेश,राजस्थान, छत्तीसगढ़ सहित चुनावी राज्यों के उम्मीदवारों के नाम छानबीन समिति के स्तर पर तय कर लिए जाएंगे। केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी।

विमानों में भीड़
नई दिल्ली में टिकट की अंतिम कवायद को ध्यान में रखते हुए इतने नेता नई दिल्ली गए कि सारी फ्लाइटें पैक हो गईं। ट्रैवल एजेंटों के मुताबिक इंडियन एयरलाइंस और किंगफिशर में आज के लिए दो दिन पहले से पूरे टिकट बुक हो गए थे। बचे हुए लोग जेट की फ्लाइट पर टूट पड़े और कुछ घंटे में यह विमान भी पैक हो गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: