bhaskar Web English
HomeNewsInternational International

पेलिन ने किया पद का दुरुपयोग

एंकरेज (अमेरिका). अमेरिका में उपराष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवार साराह पेलिन को गवर्नर के रूप में अपने अधिकारों के दुरुपयोग का दोषी पाया गया है।

‘ट्रुपरगेट घोटाला’ नाम से मीडिया में चर्चित इस मामले की जांच में अलास्का की विधायी समिति ने शुक्रवार को पाया कि पेलिन ने व्यक्तिगत लाभ के लिए नैतिकता कानून का उल्लंघन किया। पेलिन ने इस आरोप को गलत बताया है।

जांच समिति ने अपने निष्कर्ष में कहा है कि गवर्नर पेलिन ने नागरिक सुरक्षा आयुक्त वॉल्ट मोनेगन को सिर्फ इसलिए बर्खास्त कर दिया क्योंकि उसने उनके कहने पर राज्य के एक पुलिस अधिकारी को पद से हटाने से इनकार कर दिया था।

साराह पर आरोप

पेलिन ने अपनी बहन के पूर्व पति पुलिस अधिकारी माइकल वूटेन को बर्खास्त करने के लिए मोनेगन पर दबाव बनाया था। इसे नहीं मानने पर उन्होंने मोनेगन को बर्खास्त कर दिया।

जांच समिति में कौन-कौन

इस वर्ष जुलाई में गठित की गई अलास्का की विधायी समिति में रिपब्लिकन पार्टी के 10 और डेमोक्रेटिक पार्टी के चार सदस्य शामिल थे।

जांच के निष्कर्ष

जांचकर्ता स्टीव ब्रांच फ्लावर ने 263 पन्ने की जांच रिपोर्ट में कहा है कि पेलिन ने कानून के उन मानकों का उल्लंघन किया, जो सार्वजनिक पदाधिकारियों को व्यक्तिगत लाभ के लिए पद का दुरुपयोग करने से रोकते हैं।

पेलिन का जवाब

रिपोर्ट के संबंध में पेलिन का कहना है कि मोनेगन की बर्खास्तगी नीति और बजट के मामले से संबंधित थी।

उधर, मैक्केन-पेलिन प्रचार अभियान की ओर से कहा गया है कि रिपोर्ट से लगता है कि गवर्नर ने मोनेगेन को उचित और कानूनी अधिकार के तहत पद से हटाया।

नैतिकता कानून के उल्लंघन के लिए जरूरी है कि किसी को कोई व्यक्तिगत लाभ हुआ हो, लेकिन जांचकर्ता कोई आर्थिक लाभ होना प्रमाणित करने में नाकाम रहे हैं।

- थॉमस वॉनफ्लीन, साराह पेलिन के वकील





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: