बौद्ध परंपरा को मानने वाली मिशेल भारत में मंदिर और मोनेस्ट्रीज देखने का शौक रखती हैं। कश्मीर, खजुराहो और ताजमहल देखना भी उनकी फेहरिस्त में शामिल है। मिशेल की नई फिल्म ‘बेबालॉन एडी’ रिलीज हो चुकी है। इस एक्शन एडवेंचर में वह एक ऐसी महिला का किरदार निभाती नजर आ रही हैं जो अपने गृह यानी धरती को बचाने की कोशिश में है।
मिशेल हैं तो एक्शन क्वीन लेकिन फ्रांसिसी उपन्यास पर बनी इस फिल्म में मां रूपी किरदार को भी निभा रही हैं। कम लोग ही जानते हैं कि बचपन में वह स्क्वैश की मलेशियन जूनियर चैंपियनशिप और बैले डांस की प्रतियोगिताएं भी जीत चुकी हैं। उनकी मां का कहना है कि डांस के जुनून के चलते उन्होंने चलने से भी पहले डांस करना सीख लिया था।
युवा अवस्था में कदम रखते ही उन्हें मिस मलेशिया का ताज मिल गया। जैकी चैन के साथ पहला विज्ञापन करने के बाद मिशेल ने पुरुष प्रधान एक्शन की दुनिया में कदम रखा। इस मामले में ‘यस मैडम’ उनकी पहली फिल्म रही।
वह बांड फिल्म ‘टुमॉरो नेवर डाइज’ में भी नजर आ चुकी हैं। उसमें अपनी खूबसूरती और खतरनाक स्टंट के लिए वह जल्दी ही एशिया खासकर भारत में भी लोकप्रिय हो गईं। मिशेल को एमटीवी द्वारा दिए जाने वाले एशियन फिल्म अवार्ड (2004) से भी नवाजा जा चुका है। वह सेव टाइगर्स प्रोजेक्ट से जुड़ी हैं और एड्स के खिलाफ चल रहे कार्यक्रमों की ब्रांड एंबेसडर भी हैं।