bhaskar Web English
HomeSportsCricket Cricket

बेंगलूर टेस्ट रोमांचक मोड़ पर

बेंगलूर.भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बेंगलूर में खेला जा रहा पहला क्रिकेट टेस्ट मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है। मैच के चौथे दिन रविवार को ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 5 विकेट पर 193 रन बनाकर कुल बढ़त 263 रन कर ली है। उसे पहली पारी में 70 रन कीबढ़त मिली थी।

इससे पहले जहीर खान (57 नाबाद) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने अपनी पहली पारी में 360 रन बनाए। अब दोनों ही टीमों के लिए मैच के पांचवें दिन, यानि सोमवार के पहले घंटे का खेल बेहद महत्वपूर्ण हो गया है।

सोमवार को ऑस्ट्रेलियाई टीम जहां तेज रन बटोरकर भारत को बड़ा लक्ष्य देने की कोशिश करेगी, वहीं भारत की कोशिश मेहमान टीम को जल्दी समेटने की होगी।

ऑस्ट्रेलिया की खराब शुरुआत : दूसरी पारी में ठोस शुरुआत करने की ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर भारतीय पेसर जहीर खान ने पानी फेर दिया। जहीर ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ओपनर मैथ्यू हेडन को 13 रन के निजी स्कोर पर पैवेलियन का रास्ता दिखा दिया। उस समय कंगारू टीम का स्कोर 21 रन था। पहली पारी में शतक बनाने वाले कप्तान रिकी पोंटिंग (17) दूसरी पारी में ज्यादा कामयाब नहीं रहे और इशांत के शिकार बन गए। 49 रन पर पोंटिंग और 99 रन पर साइमन कैटिच (34) का विकेट गंवाने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम एक समय 5 विकेट 128 रन पर खोकर दबाव में आ गई थी।

माइकल हसी 31 और माइकल क्लार्क 6 रन बनाकर आउट हुए। शेन वाटसन (32 नाबाद) और ब्रैड हैडिन (28 नाबाद) ने अच्छी पारियां खेलकर टीम को संकटपूर्ण स्थिति से निकाला। इन दोनों ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 65 रन जोड़ लिए थे। भारत की ओर से हरभजन सिंह और इशांत शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट झटके।

जहीर ने कराई वापसी : इससे पहले 313 रन पर 8 विकेट से आगे खेलने उतरने वाली भारत की टीम ने ऑल आउट होने से पहले 360 रन बनाए। शनिवार के नाबाद बल्लेबाज जहीर खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने कैरियर का दूसरा अर्धशतक लगाया।

उन्होंने अपनी 57 रन की पारी में 121 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके जड़े। उन्होंने कप्तान अनिल कुंबले (5) के साथ 31 और इशांत शर्मा (6) के साथ 17 रन की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल जॉनसन ने 4, शेन वाटसन ने 3 और माइकल क्लार्क ने 2 विकेट झटके।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: